Homeउत्तर प्रदेशएशियन पैरा गेम्स में सिमरन का डबल गोल्ड, 100 और 200 मीटर...

एशियन पैरा गेम्स में सिमरन का डबल गोल्ड, 100 और 200 मीटर रेस में जीता स्वर्ण

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की पैरा एथलीट सिमरन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का मान बढ़ाया है। जापान में आयोजित पांचवें एशियन पैरा गेम्स-2026 में गाजियाबाद की सिमरन ने 100 मीटर और 200 मीटर रेस में पहला स्थान हासिल कर दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। उनकी इस उपलब्धि से प्रदेश में खुशी का माहौल है। खास बात यह है कि खेल के मैदान पर देश का गौरव बढ़ाने वाली सिमरन उत्तर प्रदेश के पंचायती राज विभाग में जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) के पद पर भी कार्यरत हैं।

सिमरन की इस उपलब्धि पर पंचायती राज विभाग के निदेशक धीरेंद्र सिंह सचान ने फोन पर उनसे बातचीत कर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि सिमरन ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता खिलाड़ियों के साथ-साथ युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है।

दिल्ली एयरपोर्ट पर होगा स्वागत

सिमरन की उपलब्धि के सम्मान में पंचायती राज विभाग की ओर से उनके स्वागत की विशेष तैयारी की जा रही है। विभाग के निदेशक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनके आगमन के दौरान सम्मानपूर्वक स्वागत किया जाए। इसके बाद उन्हें भव्य स्वागत के साथ लखनऊ लाया जाएगा।

विभाग की इस पहल का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाली खिलाड़ी के प्रति सम्मान प्रकट करना है। सिमरन ने अपनी उपलब्धि से यह साबित किया है कि मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर मेहनत के दम पर चुनौतियों को पीछे छोड़कर सफलता हासिल की जा सकती है।

पेरिस पैरालंपिक में भी जीता था कांस्य पदक

सिमरन का खेल करियर कई महत्वपूर्ण उपलब्धियों से भरा रहा है। इससे पहले उन्होंने पेरिस पैरालंपिक गेम्स-2024 में कांस्य पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया था। इसके अलावा वर्ष 2024 और 2025 की वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी उन्होंने स्वर्ण और रजत पदक हासिल किए। वह वर्ष 2020 के पैरालंपिक गेम्स में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।

अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार शानदार प्रदर्शन करने वाली सिमरन की उपलब्धियां देश के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा हैं। खेल के साथ प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभाते हुए उन्होंने मेहनत, अनुशासन और समर्पण की मिसाल पेश की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular