Homeउत्तर प्रदेशसीतापुर: जमीन विवाद में 25 राउंड फायरिंग, मचा हड़कंप

सीतापुर: जमीन विवाद में 25 राउंड फायरिंग, मचा हड़कंप

रिपोर्ट : सुनीष तिवारी  

सीतापुर। महोली कोतवाली क्षेत्र में रविवार दोपहर जमीन के विवाद को लेकर दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई।

घटना दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के किनारे अढ़ौरी बाईपास मोड़ (गाजीपुर बाजार) के पास की बताई जा रही है। आरोप है कि करीब 40-50 लोग डीसीएम में सवार होकर मौके पर पहुंचे और लाठी-डंडों व असलहों से लैस होकर हंगामा किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मौके पर पहुंचते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और इसके बाद फायरिंग की। करीब 25 राउंड गोलियां चलने की बात सामने आई है।

अचानक हुई फायरिंग से आसपास अफरा-तफरी मच गई। बाईपास पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

महिला को घर से निकालकर हत्या की धमकी का आरोप

पीड़िता शोभना शुक्ला के मुताबिक, घटना के समय वह घर पर अकेली थीं। उनके पति और बच्चे देवरिया गांव में थे। आरोप है कि हमलावरों ने धमकी देते हुए कहा कि महिला को कमरे से बाहर निकालकर उसकी हत्या कर दो और जमीन का विवाद हमेशा के लिए खत्म कर दो।

बताया जा रहा है कि अढ़ौरी बाईपास क्षेत्र में शोभना शुक्ला की करीब 19 बिसुआ जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। वर्ष 2018 में जमीन खरीदने के बाद उसके एक हिस्से पर मकान बनाया गया था, जबकि बाकी जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद बताया जा रहा है।

शोभना का आरोप है कि कैमहरा गांव के एक पक्ष ने वर्ष 2022 में इसी जमीन का कथित तौर पर बैनामा करा लिया था। वहीं, महोली तहसील से उनके पक्ष में फैसला आने के बावजूद कुछ दबंग लोगों पर जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश का आरोप है।

पुलिस ने लाठी-डंडे किए बरामद

घटना की सूचना मिलते ही महोली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से करीब एक दर्जन लाठी-डंडे बरामद किए हैं। कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, जिससे फायरिंग और घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा सके।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। फायरिंग में इस्तेमाल असलहों और घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular