रिपोर्ट – अभिषेक मिश्रा
कानपुर। भारतीय जनता पार्टी कानपुर दक्षिण के जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह ने जिला कार्यालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा कानपुर दक्षिण की ओर से विभिन्न जनसंपर्क और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

जिला अध्यक्ष ने बताया कि कानपुर दक्षिण की सभी विधानसभाओं के प्रमुख और व्यस्त चौराहों पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। इनके माध्यम से आम जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 13 वर्ष के मुख्यमंत्री कार्यकाल और 12 वर्ष के प्रधानमंत्री कार्यकाल के दौरान किए गए प्रमुख कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि नुक्कड़ नाटक जनसामान्य तक संदेश पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। प्रस्तुतियों के जरिए विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के अवसर, आधारभूत ढांचे, स्वच्छता, डिजिटल सेवाओं और देश की वैश्विक प्रतिष्ठा से जुड़े कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाई जाएगी।
शिवराम सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के तहत चल रहे सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सेवा, जनसंपर्क और जनजागरूकता के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच बनाना है। इसी क्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से अलग-अलग स्थानों पर सेवा और जनहित से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में विद्यालयों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं के साथ विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटक तथा अन्य जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता सक्रिय रूप से सहभागिता करेंगे।
प्रेस वार्ता में जिला महामंत्री गणेश शुक्ला, अर्जुन बेरिया, मीडिया प्रभारी संजीव बेरी, विक्की मूरजानी सहित भाजपा के जिला पदाधिकारी और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे
