Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग: 2 कमरों का सामान जलकर...

लखनऊ में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग: 2 कमरों का सामान जलकर खाक, दमकल की 3 गाड़ियां पहुंचीं

लखनऊ के वजीरगंज थानाक्षेत्र में शनिवार (11 अप्रैल) की सुबह एक मकान में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग मकान की दूसरी मंजिल पर शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिससे दो कमरों में रखा सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

फायर स्टेशन चौक के एफएसओ पुष्पेंद्र कुमार यादव के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही चौक फायर स्टेशन से दो दमकल गाड़ियां और हजरतगंज फायर स्टेशन से एक अतिरिक्त गाड़ी मौके के लिए रवाना की गई।

तेजी से फैल रही थी आग मौके पर पहुंची दमकल टीम ने पाया कि नबी उल्लाह रोड स्थित नई बस्ती रीवर बैंक कॉलोनी निवासी मोहम्मद शरीफ के घर की दूसरी मंजिल पर आग लगी हुई थी। आग कॉपी-किताब और जनरल स्टोर के सामान में तेजी से फैल रही थी, जिससे स्थिति गंभीर हो गई।

दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

फायर टीम समय पर पहुंच गई थी, लेकिन क्षेत्र की संकरी गलियों के कारण दमकल गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई पाइप जोड़कर पानी पहुंचाया गया, जिसके बाद आग बुझाने का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

फिलहाल, फायर विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular