Homeउत्तर प्रदेशस्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत: जीरो बैलेंस पर भी 3 दिन...

स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत: जीरो बैलेंस पर भी 3 दिन तक नहीं कटेगी बिजली

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी गई है। ऊर्जा विभाग ने उपभोक्ताओं की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए कई अहम फैसले लिए हैं, जिससे आम जनता को बिजली कटौती से तत्काल राहत मिलेगी।

ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि अब यदि किसी उपभोक्ता का स्मार्ट मीटर जीरो बैलेंस हो जाता है, तब भी अधिकतम 3 दिन या 200 रुपये तक (2 किलोवाट भार तक) बिजली आपूर्ति बाधित नहीं की जाएगी। यह निर्णय उपभोक्ताओं की सुविधा और मानवीय दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर से जुड़ी तकनीकी समस्याओं को देखते हुए एक तकनीकी समिति गठित की गई है। समिति की रिपोर्ट आने तक स्मार्ट मीटर की आगे की प्रक्रिया पर अस्थायी रोक लगा दी गई है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इसके अलावा, उपभोक्ताओं को समय रहते सूचना देने के लिए 5-स्तरीय एसएमएस अलर्ट प्रणाली लागू की जा रही है। इसके तहत बैलेंस कम होने, रिचार्ज की जरूरत और संभावित कटौती से पहले उपभोक्ताओं को अलर्ट भेजा जाएगा।

ऊर्जा मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि रविवार और अन्य सार्वजनिक अवकाश के दिनों में किसी भी उपभोक्ता का बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि सभी कार्यों में मानवीय दृष्टिकोण अपनाया जाए और उपभोक्ताओं को अधिकतम राहत दी जाए।

ऊर्जा विभाग के अनुसार, इन फैसलों से प्रदेश के लाखों उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी और स्मार्ट मीटर को लेकर चल रही शिकायतों में भी कमी आने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

Most Popular