Homeदेश विदेशभारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर तनातनी, वार्ता के लिए...

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर तनातनी, वार्ता के लिए कमेटियां गठित

चेन्नई। तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं, लेकिन सत्तारूढ़ डीएमके और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान जारी है। दोनों दलों के बीच अब तक सहमति नहीं बन पाई है, जिससे गठबंधन को लेकर सियासी अटकलें तेज हो गई हैं।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गिरीश चोडंकर ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि पार्टी 40 सीटों और सरकार में हिस्सेदारी की मांग कर रही है। तमिलनाडु कांग्रेस के कई नेताओं ने उनके बयान का समर्थन किया। वहीं डीएमके नेताओं ने इस मांग पर आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों दलों के बीच बयानबाजी शुरू हो गई।

कांग्रेस को 28 सीट देने का प्रस्ताव

सूत्रों के मुताबिक, डीएमके ने कांग्रेस को 28 सीटें देने का प्रस्ताव रखा है। पिछली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 25 सीटें मिली थीं, जबकि इस बार तीन अतिरिक्त सीटें देने पर विचार किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि डीएमके 22 फरवरी से अपने सहयोगी दलों के साथ औपचारिक सीट बंटवारे की बातचीत शुरू करेगी। इस संबंध में दोनों पार्टियों की ओर से वार्ता समितियां गठित की गई हैं।

गठबंधन पर सस्पेंस

कांग्रेस ने गिरीश चोडंकर के नेतृत्व में पांच सदस्यीय सीट बंटवारा समिति बनाई है, जो पिछले दो महीनों से मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन से 40 सीटों की मांग कर रही है।

वहीं डीएमके की ओर से मंत्री दुरईमुरुगन ने टी.आर. बालू के नेतृत्व में सात सदस्यीय वार्ता समिति का गठन किया है। अब माना जा रहा है कि औपचारिक बातचीत के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकती है।

अन्य दल भी सक्रिय

राज्य में अन्य प्रमुख दलों जैसे अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम और भारतीय जनता पार्टी ने भी सीट बंटवारे और गठबंधन वार्ता के लिए अपनी-अपनी समितियां गठित कर दी हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सीटों को लेकर जारी यह खींचतान आने वाले दिनों में तमिलनाडु की सियासत की दिशा तय कर सकती है। फिलहाल डीएमके–कांग्रेस गठबंधन पर संशय बना हुआ है, लेकिन दोनों दलों की अगली बैठक पर सबकी नजर टिकी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular