शनिवार की सुबह सिकंदराबाद-शालीमार वीकली स्पेशल ट्रेन पश्चिम बंगाल के नालपुर रेलवे स्टेशन पर हादसे का शिकार हो गई.
रेलवे ने इस हादसे पर एक बयान भी जारी किया है. दक्षिण-पूर्वी रेलवे के सीपीआरओ के मुताबिक़ यह हादसा शनिवार की सुबह क़रीब साढ़े पांच बजे हुआ.
अपने बयान में सीपीआरओ ने बताया, “नालपुर स्टेशन के पास सुबह पांच बजकर 31 मिनट पर सिकंदराबाद-शालीमार वीकली स्पेशल ट्रेन नालपुर स्टेशन पर मिडिल लाइन से डाउन पर जाते समय पटरी से उतर गई.”
सीपीआरओ के मुताबिक़, “इसमें एक पार्सल वैन और दो यात्री डिब्बे पटरी से उतरे हैं. किसी भी तरह की बड़ी जान-माल की हानि नहीं हुई है. यात्रियों को गंतव्य तक भेजने के लिए 10 बसों की व्यवस्था कर ली गई है. टीमें घटनास्थल पर पहुंच गई हैं और सर्वे का काम किया जा रहा है.”
