लखनऊ। प्रदेश में वयस्क साक्षरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित ‘उल्लास–नव भारत साक्षरता कार्यक्रम’ के अंतर्गत द्वितीय चरण की साक्षरता परीक्षा का आयोजन रविवार को प्रदेश के समस्त जनपदों में किया गया। इस दौरान लगभग 35 हजार से अधिक साक्षरता परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में असाक्षर प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
इस संबंध में महानिदेशक, स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने बताया कि ‘उल्लास–नव भारत साक्षरता कार्यक्रम’ के अंतर्गत प्रदेश में साक्षरता अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उल्लास पोर्टल पर 14 मार्च 2026 तक शॉर्टलिस्ट किए गए 4,93,516 असाक्षर इस परीक्षा में सम्मिलित हुए हैं।
महानिदेशक ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत केवल सामान्य नागरिक ही नहीं, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों को भी साक्षर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला कारागार कानपुर देहात और फर्रुखाबाद में निरुद्ध असाक्षर कैदियों को भी इस साक्षरता परीक्षा में सम्मिलित कराया गया, ताकि उन्हें भी शिक्षा से जोड़कर मुख्यधारा में लाया जा सके।
