तिरुपति मंदिर के लड्डू प्रसाद को लेकर हो रहे विवाद पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा तिरुपति लड्डू के बारे में जो कुछ भी आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा है वह बहुत ही गंभीर मामला है. इसकी जांच होनी चाहिए.
उन्होंने कहा, “लैब रिपोर्ट और मामले में जो कुछ भी बाहर आया है वह बहुत ही ख़तरनाक है. करोड़ों लोगों की श्रद्धा का विषय है. चंद्रबाबू नायडू जी ने जो लैब रिपोर्ट पब्लिक किया है उसके बारे में पूरे तरीके से जांच होना चाहिए. अगर यह सच निकलता है तो कड़ी से कड़ी सज़ा मिलनी चाहिए.
सीबीआई से इस मामले की जांच कराने को लेकर केंद्रीय मंत्री ने कहा चंद्रबाबू नायडू यह डिसाइड करेंगे कि मामले को सीबीआई को देना है या एसआईटी गठित करनी है. इसका प्रदेश सरकार निर्णय करेगा.
वहीं इस पर समाजवादी पार्टी के नेता फ़ख़रुल हसन चंद ने कहा आस्था और धर्म से जुड़े विषय पर राजनीति नहीं होनी चाहिए. यह गंभीर विषय है. इसकी गंभीरता से जांच होनी चाहिए. उन्होंने कहा आस्था और धर्म से जुड़े विषय पर राजनीति करने का अधिकार किसी भी दल को नहीं है. किसी को भी किसी की आस्था से खिलवाड़ करने का कोई अधिकार नहीं है.
