लखनऊ: उत्तर प्रदेश एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (एटीएस) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी हैंडलर से जुड़े चार संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार कर एक बड़े हमले की साजिश को नाकाम कर दिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी टेलीग्राम, सिग्नल और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स से संपर्क में थे और उनके निर्देश पर भारत में आतंकी गतिविधियों की योजना बना रहे थे। गिरोह का सरगना साकिब उर्फ फैजल (मेरठ निवासी) बताया जा रहा है।
आरोपी देश के अहम संस्थानों, सार्वजनिक स्थानों और राजनीतिक हस्तियों की रेकी कर संवेदनशील जानकारी भेज रहे थे। लखनऊ रेलवे स्टेशन को भी निशाना बनाया गया था, जहां 2 अप्रैल को नुकसान पहुंचाने की साजिश थी।
एटीएस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए साकिब, विकास, लोकेश और अरबाब को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से ज्वलनशील पदार्थ, मोबाइल फोन और संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।
