Homeउत्तर प्रदेशदिव्यांग छात्राओं के लिए यूपी सरकार की बड़ी पहल, मुफ्त मिलेगी इलेक्ट्रिक...

दिव्यांग छात्राओं के लिए यूपी सरकार की बड़ी पहल, मुफ्त मिलेगी इलेक्ट्रिक स्कूटी

उत्तर प्रदेश सरकार ने दिव्यांग छात्राओं की शिक्षा और आवागमन को आसान बनाने के लिए नई पहल की है। दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से वित्तीय वर्ष 2026-27 में बरेली जिले की सभी 9 विधानसभा क्षेत्रों की 180 दिव्यांग छात्राओं को मुफ्त बैटरी चालित मोटराइज्ड स्कूटी (ट्राइसाइकिल) दी जाएगी।

जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी चमन सिंह के मुताबिक, प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 20 पात्र छात्राओं का चयन किया जाएगा। योजना को सितंबर-अक्टूबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसका उद्देश्य स्कूल, कॉलेज और अन्य शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाली दिव्यांग छात्राओं को सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराना है।

16 साल या उससे अधिक उम्र की छात्राएं कर सकती हैं आवेदन

योजना के तहत 16 वर्ष या उससे अधिक आयु की पात्र दिव्यांग छात्राएं आवेदन कर सकती हैं। ऐसी छात्राएं जिनके शरीर का ऊपरी हिस्सा सामान्य रूप से कार्य करता है और जो सेरेब्रल पाल्सी, मस्कुलर डिस्ट्रॉफी या हीमोफीलिया जैसी दिव्यांगताओं से प्रभावित हैं, वे भी पात्रता के दायरे में आ सकती हैं। हालांकि, लाभार्थी छात्रा या उसके परिवार का कोई सदस्य आयकरदाता नहीं होना चाहिए।

65 हजार रुपये तक की स्कूटी मिलेगी मुफ्त

योजना के तहत करीब 65 हजार रुपये मूल्य की आधुनिक बैटरी चालित मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल लाभार्थियों को निःशुल्क दी जाएगी। इसके लिए छात्राओं को किसी तरह का शुल्क नहीं देना होगा। स्कूटी की पूरी लागत उत्तर प्रदेश सरकार का दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग वहन करेगा।

योजना की जानकारी अधिक से अधिक पात्र छात्राओं तक पहुंचाने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS), बेसिक शिक्षा विभाग, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी और अन्य शिक्षण संस्थानों को पत्र भेजे गए हैं।

यहां से मिलेगी आवेदन और योजना की जानकारी

योजना से जुड़ी जानकारी या आवेदन में सहायता के लिए विकास भवन स्थित जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कार्यालय, कक्ष संख्या-4 में संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा विभाग के फोन नंबर 9129202178 पर भी जानकारी ली जा सकती है।

विभाग ने आमजन और मीडिया से अपील की है कि वे अधिक से अधिक पात्र दिव्यांग छात्राओं तक इस योजना की जानकारी पहुंचाएं, ताकि उन्हें इसका लाभ मिल सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular