रिपोर्ट -गोविंद कश्यप
उत्तर प्रदेश और जापान के यामानाशी प्रीफेक्चर के बीच आर्थिक, रोजगार और पर्यटन सहयोग को बढ़ावा देने के लिए यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट में तीन अहम एमओयू का आदान-प्रदान हुआ।
समझौतों से यूपी के युवाओं के लिए जापान में रोजगार, पर्यटन सहयोग और जापानी भाषा में दक्ष वर्कफोर्स तैयार करने की दिशा में सहयोग मजबूत होगा।

पहला एमओयू इन्वेस्ट यूपी और जापान टेक्निकल ट्रेनिंग सेंटर (टीटीआरसी) के बीच हुआ। कार्यक्रम में बताया गया कि टीटीआरसी के प्रयासों से अब तक यूपी के 100 से अधिक युवाओं को जापान में रोजगार मिल चुका है। इस दौरान जापान में रोजगार हासिल करने वाले पुष्पेंद्र सिंह चौहान और आदर्श कुमार कुशवाहा को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

दूसरा एमओयू उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग और यामानाशी प्रीफेक्चर** के बीच हुआ। इसका उद्देश्य दोनों क्षेत्रों के बीच पर्यटकों की आवाजाही बढ़ाने और पर्यटन क्षेत्र में निरंतर सहयोग को मजबूत करना है। इससे यूपी के आध्यात्मिक, बौद्ध, सांस्कृतिक और हेरिटेज पर्यटन को जापानी पर्यटकों के बीच बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

तीसरा एमओयू श्रम एवं सेवायोजन विभाग और यामानाशी प्रीफेक्चर** के बीच हुआ। इसके तहत जापानी भाषा में दक्ष मानव संसाधन तैयार करने और उन्हें जापान में रोजगार के अवसरों से जोड़ने पर सहयोग किया जाएगा। इससे यूपी के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलने के साथ जापानी कंपनियों को प्रशिक्षित व भाषा-दक्ष वर्कफोर्स उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
