राज्य मुख्यालय मान्यता प्राप्त पत्रकार एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश की बैठक आयोजित हुई, जिसमें पत्रकारों से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की गई। एसोसिएशन के अध्यक्ष शशि नाथ दुबे ने कहा कि प्रदेश के पत्रकारों की समस्याओं को मुख्यमंत्री और शासन तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने प्रस्ताव रखा कि मेयर से मिलकर राज्य मुख्यालय के पत्रकारों के परिजनों को हाउस टैक्स और पानी के बिल में 50 प्रतिशत की छूट दिलाई जाए। इसके साथ ही पत्रकारों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की भी मांग की गई।
श्री दुबे ने कहा कि पीजीआई, मेडिकल कॉलेज और राम मनोहर लोहिया अस्पताल में पत्रकारों को सुगम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही कैशलैस इलाज के दायरे में आने वाले पत्रकारों की सहायता के लिए सूचना विभाग का एक कर्मचारी तैनात किया जाए और नियमित मेडिकल कैंप भी आयोजित किए जाएं।
एसोसिएशन के सचिव शेखर श्रीवास्तव ने पत्रकारों पर हो रहे हमलों पर चिंता जताते हुए कहा कि इस पर रोक लगाने के लिए डीजीपी से मुलाकात की जाएगी। साथ ही पत्रकारों को सरकारी आवास उपलब्ध कराने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में उपाध्यक्ष सरोज त्रिवेदी, संजय श्रीवास्तव, हरजीत सिंह, कोषाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, संयुक्त सचिव संजय सिंह श्रीवास्तव, कार्यकारी सदस्य अनिल कुमार त्रिपाठी, अनिल कुमार सिंह, आरबी सिंह, राजेश सिंह, संजय धीमान और अशोक चकलादर सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे और अपने सुझाव दिए।
