Homeउत्तर प्रदेशभीषण गर्मी में राहत: 34 हजार मेगावाट बिजली उपलब्ध कराएगी योगी सरकार,...

भीषण गर्मी में राहत: 34 हजार मेगावाट बिजली उपलब्ध कराएगी योगी सरकार, तैयारियां पूरी

लखनऊ, 18 अप्रैल। योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश में गर्मी के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ऊर्जा विभाग ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस वर्ष पीक डिमांड को ध्यान में रखते हुए करीब 34,000 मेगावाट बिजली उपलब्ध कराने की रणनीति बनाई गई है।

ऊर्जा विभाग के अनुसार, सभी नए थर्मल पावर प्लांट यूनिट्स को चालू कर दिया गया है, जिससे उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। घाटमपुर, खुर्जा, पनकी, ओबरा और जवाहरपुर जैसी परियोजनाओं से बिजली उत्पादन शुरू हो चुका है, जबकि घाटमपुर की तीसरी यूनिट 30 अप्रैल तक चालू होने की उम्मीद है, जिससे सप्लाई को और मजबूती मिलेगी।

 पीक डिमांड 33 हजार मेगावाट के पार

उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के एमडी पंकज कुमार के मुताबिक, जून में बिजली की मांग करीब 33,375 मेगावाट तक पहुंच सकती है, जो अब तक के उच्चतम स्तरों में से एक होगी। मई और जुलाई में भी डिमांड 31-32 हजार मेगावाट के बीच रहने का अनुमान है।

80% मांग एमओयू से होगी पूरी

पीक आवर्स में करीब 80 प्रतिशत बिजली की जरूरत पहले से किए गए लॉन्ग टर्म एमओयू के जरिए पूरी की जाएगी। शेष मांग को पूरा करने के लिए बिजली एक्सचेंज प्लेटफॉर्म—आईईएक्स, पीएक्सआईएल और एचपीएक्स—का सहारा लिया जाएगा, जिससे जरूरत के समय अतिरिक्त बिजली खरीदी जा सकेगी।

इसके अलावा, अन्य राज्यों के साथ करीब 4,663 मिलियन यूनिट बिजली की बैंकिंग व्यवस्था भी की गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर आपूर्ति संतुलित रखी जा सके।

मॉनिटरिंग और नेटवर्क पर फोकस

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्थिति में उपभोक्ताओं को बिजली संकट का सामना न करना पड़े। इसके लिए ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क को मजबूत किया जा रहा है, फीडर स्तर पर निगरानी बढ़ाई गई है और लाइन लॉस कम करने के लिए अभियान चलाए जा रहे हैं। साथ ही स्मार्ट मीटरिंग और डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम को तेजी से लागू किया जा रहा है।

सरकार का दावा है कि इन तैयारियों से इस बार भीषण गर्मी के दौरान प्रदेशवासियों को बिजली कटौती से काफी हद तक राहत मिलेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular