न्यूज डेस्क लखनऊ
उत्तर प्रदेश में स्वाइन फ्लू के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रदेश में निगरानी व्यवस्था मजबूत करने और मरीजों की समय पर पहचान व उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
डिप्टी सीएम ने अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य और महानिदेशक स्वास्थ्य को पत्र जारी कर प्रदेश में स्वाइन फ्लू की स्थिति की लगातार समीक्षा करने को कहा है। उन्होंने सभी जिलों में संदिग्ध और संक्रमित मरीजों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए हैं।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि अस्पतालों में स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए पर्याप्त दवाएं, जांच और उपचार की सुविधाएं उपलब्ध रहनी चाहिए। अस्पतालों में आने वाले संदिग्ध मरीजों की नियमित निगरानी की जाए और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाए।
गंभीर मरीजों की समय पर हो पहचान
उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विशेष रूप से गंभीर मरीजों की समय रहते पहचान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीज की स्थिति बिगड़ने से पहले जरूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि गंभीर मामलों से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
उन्होंने जिलों के स्वास्थ्य अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्वाइन फ्लू की स्थिति की नियमित समीक्षा करने और मामलों की सूचना व फॉलोअप व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने को कहा।
अस्पतालों में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश
ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश के अस्पताल किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दवाओं, जांच और उपचार की सुविधाओं की लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को इलाज के लिए परेशानी न हो।
जनता से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील
डिप्टी सीएम ने प्रदेशवासियों से स्वाइन फ्लू को लेकर घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह से बचें और स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर समय रहते चिकित्सकीय सलाह लें। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और जरूरत के अनुसार व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जाएगा।
