Homeउत्तर प्रदेशयूपीआईटीएस में दिखा यूपी के स्वाद का संगम, ओडीओसी पवेलियन में मिर्जापुर...

यूपीआईटीएस में दिखा यूपी के स्वाद का संगम, ओडीओसी पवेलियन में मिर्जापुर के गुड़ से बन रहा ठेकुआ

ग्रेटर नोएडा । उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में शनिवार को प्रदेश की समृद्ध खान-पान परंपरा और स्थानीय स्वाद का अनोखा संगम देखने को मिला। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में बने ओडीओसी (वन डिस्ट्रिक्ट वन क्यूजीन) पवेलियन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों के पारंपरिक व्यंजन और स्थानीय खाद्य उत्पाद लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

पवेलियन में पहुंच रहे आगंतुक जहां यूपी के विभिन्न अंचलों के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद ले रहे हैं, वहीं इनसे जुड़ी स्थानीय संस्कृति, परंपरा और उत्पादों के बारे में भी जानकारी हासिल कर रहे हैं।

मास्टर शेफ क्लास में ठेकुआ बनाने की सीख

ओडीओसी पवेलियन की मास्टर शेफ क्लास इन दिनों आगंतुकों के बीच खास आकर्षण बनी हुई है। यहां पूर्वांचल के पारंपरिक व्यंजन ठेकुआ को बनाने की विधि विशेषज्ञों की ओर से लाइव समझाई जा रही है।

खास बात यह है कि ठेकुआ तैयार करने में मिर्जापुर के गुड़ का इस्तेमाल किया जा रहा है। क्लास के दौरान आगंतुकों को गुड़ की खासियत के साथ-साथ उससे तैयार किए जाने वाले स्थानीय उत्पादों की भी जानकारी दी जा रही है।

विशेषज्ञ सामग्री के चयन, मिश्रण तैयार करने और ठेकुआ को पारंपरिक स्वरूप देने की पूरी प्रक्रिया समझा रहे हैं। आगंतुक सीधे विशेषज्ञों से सवाल भी कर रहे हैं और पूर्वांचल के इस पारंपरिक स्वाद से जुड़ी बारीकियां जान रहे हैं।

यूपीआईटीएस में दिखा यूपी के स्वाद का संगम, ओडीओसी पवेलियन में मिर्जापुर के गुड़ से बन रहा ठेकुआ

मास्टर शेफ क्लास में प्रसिद्ध शेफ हरपाल सिंह सोखी रविवार को मौजूद रहेंगे। इस दौरान आगंतुकों को यूपी के पारंपरिक व्यंजनों और स्थानीय खाद्य उत्पादों को आधुनिक पाक कला से जोड़ने की जानकारी मिलेगी। इसके अलावा अगले चार दिनों में कई अन्य प्रसिद्ध शेफ भी मास्टर शेफ क्लास में पाक कला से जुड़ी जानकारी साझा करेंगे।

‘खाऊ गली’ में उमड़ी भीड़

ओडीओसी पवेलियन की ‘खाऊ गली’ भी ट्रेड शो में पहुंचने वाले लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यहां प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक व्यंजनों और खाद्य उत्पादों का स्वाद लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।

लाइव फीड और बिक्री के दौरान कई स्थानीय उत्पादों की मांग बढ़ने की जानकारी सामने आई है। कई स्टॉलों पर उत्पादों की उपलब्धता भी कम पड़ने लगी। इससे स्थानीय खाद्य उत्पादों को मिलने वाली बाजार की संभावनाओं का भी अंदाजा लगाया जा रहा है।

75 जिलों के स्वाद की एक झलक

ओडीओसी पवेलियन में प्रदेश के सभी 75 जिलों की खान-पान विरासत को एक मंच पर प्रस्तुत किया गया है। ब्रज के पारंपरिक स्वाद से लेकर अवध के जायके, बुंदेलखंड की खासियत, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के व्यंजन और पूर्वांचल के पारंपरिक खाद्य पदार्थ यहां देखने और चखने को मिल रहे हैं।

इस पहल के जरिए स्थानीय व्यंजनों को उनके क्षेत्र की संस्कृति और परंपरा से जोड़कर प्रस्तुत किया जा रहा है। यूपीआईटीएस जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्थानीय खाद्य उत्पादों की प्रस्तुति से इन्हें देश-विदेश से आए खरीदारों और आगंतुकों तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है।

स्थानीय स्वाद को वैश्विक पहचान देने की कोशिश

ओडीओसी पवेलियन के जरिए उत्तर प्रदेश के पारंपरिक खान-पान और स्थानीय खाद्य उत्पादों को व्यापक बाजार से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। ट्रेड शो में लाइव कुकिंग, मास्टर शेफ क्लास और ‘खाऊ गली’ के माध्यम से आगंतुकों को यूपी के अलग-अलग अंचलों के स्वाद से रूबरू कराया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular