Homeदेश विदेशअमेरिका ने वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति मादुरो का विमान ज़ब्त किया

अमेरिका ने वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति मादुरो का विमान ज़ब्त किया

अमेरिका ने वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो का विमान ये कहते हुए ज़ब्त कर लिया कि इसे 1.3 करोड़ डॉलर में अवैध रूप से ख़रीदा गया था और चोरी छिपे ये देश के बाहर ले जाया गया था.

अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, फाल्कन 900 ईएक्स विमान को डोमिनिकन रिपब्लिक में ज़ब्त किया गया था और बाद में अमेरिका के फ्लोरिडा भेज दिया गया.

अभी ये साफ़ नहीं है कि ये विमान कब डोमिनिकन रिपब्लिक पहुंचा. ट्रैकिंग डेटा से पता चलता है कि सोमवार को राजधानी सैंटो डोमिंगो के क़रीबी एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद यह फ़्लोरिडा पहुंचा.

वेनेज़ुएला ने इस ज़ब्ती का विरोध किया है और कहा कि यह “डकैती” जैसा कृत्य है.

एक बयान में वेनेज़ुएला की सरकार ने कहा है कि इस नुकसान की भरपाई के लिए क़ानूनी कार्यवाही करने का उसका अधिकार है.

अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि इस विमान को अमेरिकी एक्सपोर्ट कंट्रोल और पाबंदी क़ानूनों के उल्लंघन के संदेह में ज़ब्त किया गया है.

उन्होंने कहा कि एक जांच में पाया गया है कि मादुरो से जुड़े लोगों ने 2002-2023 के दरम्यान विमान की अवैध खरीदारी के लिए कथित तौर पर कैरिबियाई शेल कंपनी का सहारा लिया था. जिस कंपनी से विमान ख़रीदा गया था वो फ़्लोरिडा की थी.

अप्रैल 2023 में इस विमान को अवैध रूप से वेनेज़ुएला लाया गया था.

बीते जुलाई में जबसे मादुरो दोबारा आम चुनाव जीते हैं, पश्चिमी देशों के साथ तनाव बढ़ गया है.

अमेरिका का कहना है कि इस चुनाव में धांधली हुई थी.

ऐसा पहली बार नहीं है कि अमेरिकी संघीय एजेंसियों ने मादुरो पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं.

2020 में अमेरिकी न्याय विभाग ने मादुरो और अन्य 14 अधिकारियों पर नार्को टेररिज़्म, भ्रष्टाचार और ड्रग तस्करी के आरोप लगाए थे.

अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने मादुरो की गिरफ़्तारी और उन्हें सज़ा दिलाने के लिए डेढ़ करोड़ डॉलर का इनाम घोषित कर रखा है.

RELATED ARTICLES

Most Popular