सोशल मीडिया पर ‘वड़ा पाव गर्ल’ के नाम से मशहूर चंद्रिका दीक्षित इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में उन्होंने एक भावुक वीडियो शेयर कर अपने पति पर धोखेबाज़ी का आरोप लगाया, जिसके बाद यह मामला तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो में चंद्रिका रोते हुए कहती नजर आईं कि वह घर, बच्चे और काम की पूरी जिम्मेदारी संभाल रही हैं, जबकि उनके पति कथित तौर पर किसी और रिश्ते में शामिल हैं। उन्होंने अपने पति के फोन की कुछ चैट्स और तस्वीरें भी दिखाईं, जिनमें एक अन्य महिला उनके साथ नजर आ रही थी। हालांकि, वीडियो में उस महिला का चेहरा ढका हुआ था।
इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर चंद्रिका को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। फैंस न सिर्फ उनकी निजी जिंदगी को लेकर सवाल कर रहे हैं, बल्कि उनकी कमाई और सफलता की कहानी जानने में भी दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
नौकरी छोड़कर बनाया स्ट्रीट फूड को पहचान
चंद्रिका दीक्षित ने नौकरी छोड़कर वड़ा पाव का स्टॉल लगाया था। स्टॉल पर वड़ा पाव बनाते हुए बनाए गए उनके वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए और देखते ही देखते वह इंटरनेट सेंसेशन बन गईं। इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर उनके फूड कंटेंट ने उन्हें ‘वड़ा पाव गर्ल’ की पहचान दिलाई।
एक दिन में 40 हजार से ज्यादा की कमाई
चंद्रिका की लोकप्रियता तब और बढ़ गई जब उन्हें ‘बिग बॉस ओटीटी सीजन 3’ में बतौर कंटेस्टेंट एंट्री मिली। शो के दौरान उन्होंने अपनी कमाई को लेकर खुलासा करते हुए बताया था कि वह एक दिन में वड़ा पाव बेचकर 40 हजार रुपये से ज्यादा कमा लेती हैं। इस हिसाब से उनकी मासिक कमाई करीब 12 लाख रुपये तक पहुंच जाती है।
इसके अलावा वह इवेंट्स, गेस्ट अपीयरेंस और सोशल मीडिया ब्रांड प्रमोशन से भी अच्छी-खासी कमाई करती हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, चंद्रिका दीक्षित की कुल नेटवर्थ करीब 1 से 1.5 करोड़ रुपये के बीच बताई जा रही है। हाल ही में उन्होंने दिल्ली में अपना एक कैफे भी शुरू किया है।
जहां एक ओर चंद्रिका की सफलता की कहानी लोगों को प्रेरित कर रही है, वहीं दूसरी ओर उनकी निजी जिंदगी में चल रहा विवाद उन्हें लगातार सुर्खियों में बनाए हुए है।
