एयरलाइन कंपनी ‘विस्तारा’ सोमवार को अपनी आखिरी उड़ान संचालित करेगी. यह कंपनी पिछले नौ सालों से भारतीय विमानन क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रही थी.
‘विस्तारा’ सिंगापुर एयरलाइन्स और टाटा संस की एक जॉइंट कंपनी थी. हालांकि अब इसका विलय टाटा ग्रुप के स्वामित्व वाली एयरलाइन कंपनी एयर इंडिया में होने जा रहा है.
इस विलय के बाद ‘विस्तारा’ एयरलाइन का परिचालन एयर इंडिया के ज़रिए किया जाएगा. इसमें हेल्पडेस्क से लेकर टिकट ऑफ़िस भी शामिल हैं.
पिछले कुछ महीनों से विस्तारा की मौजूदा बुकिंग और लॉयल्टी प्रोग्राम वाले यात्रियों को एयर इंडिया में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया चल रही थी.
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने इससे जुड़े एक ईमेल के जवाब में कहा, “विलय प्रक्रिया के हिस्से के रूप में, भोजन, सेवाओं और दूसरी सभी चीज़ों को भी अपग्रेड किया जा रहा है. इसमें विस्तारा और एयर इंडिया दोनों के पहलुओं को शामिल किया गया है.”
विलय से सर्विस मानकों पर असर पड़ने की चिंताओं के बीच, टाटा ने आश्वासन दिया है कि विस्तारा का इन-फ्लाइट अनुभव पहले की तरह ही रहेगा.
