उत्तर प्रदेश की नगीना लोकसभा सीट से आजाद समाज पार्टी (कांशी राम) के चन्द्रशेखर आज़ाद ने जीत दर्ज की है. चन्द्रशेखर आज़ाद नगीना सीट पर 1,51,473 वोटों से जीत हासिल करने में कामयाब रहे.
नगीना सीट पर चन्द्रशेखर आजाद को 5,12,552 वोट मिले. वहीं बीजेपी के ओम कुमार 3,61,079 दूसरे नंबर पर रहे. समाजवादी पार्टी के मनोज कुमार 1,02,374 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहे.
बीएसपी के सुरेंद्र पाल सिंह को 13,272 वोट मिले और वह चौथे स्थान पर रहे.
चन्द्र शेखर आजाद ने जीत हासिल करने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नगीना के लोगों को शुक्रिया अदा किया.उन्होंने लिखा, “आभार नगीना, आपका चन्द्र शेखर आजाद.”
बीएसपी नेता और मायावती के भतीजे आकाश आनंद ने लोकसभा चुनाव के दौरान चन्द्र शेखर आजाद को निशाना बनाया था.
बिजनौर में की गई एक सभा में आकाश आनंद ने चन्द्र शेखर पर बीएसपी और ‘बहुजन आंदोलन’ को कमजोर करने के आरोप लगाए थे.
हालांकि लोकसभा चुनाव के बीच ही मायावती ने आकाश आनंद को नेशनल को-ऑर्डिनेटर के पद से हटा दिया था.
