बांग्लादेश में अंतरिम सरकार के प्रधान सलाहकार के रूप में नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस ने शपथ ली है. इस मौके पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने उनको बधाई दी.
उन्होंने एक्स पर लिखा, “पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ बांग्लादेश की सरकार के मुख्य सलाहकार के रूप में शपथ लेने के लिए प्रोफेसर मोहम्मद यूनुस को बधाई.”
शहबाज़ शरीफ़ ने लिखा, “बांग्लादेश के समृद्ध भविष्य की दिशा में मार्ग दर्शन करने में उनकी सफलता के लिए दुआ करता हूं. आने वाले दिनों में मैं पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच सहयोग को गहरा करने के लिए उनके साथ काम करने को उत्सुक हूं.”
बांग्लादेश में कई हफ़्तों से चल रही अशांति और राजनीतिक उथल पुथल का एक अध्याय पांच अगस्त को ख़त्म हुआ जब तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख़ हसीना ने अपने पद से इस्तीफ़ा देकर देश छोड़ दिया और भारत में शरण ली.
इस घटनाक्रम के बाद बांग्लादेश सेना के अध्यक्ष जनरल वक़ार-उज़-ज़मान ने देश में एक अंतरिम सरकार बनाए जाने की घोषणा की थी.
विरोध प्रदर्शन की अगुवाई करने वाले छात्रों ने अंतरिम सरकार में प्रधान सलाहकार के तौर पर मोहम्मद यूनुस का नाम प्रस्तावित किया था.
