Homeदेश विदेशपीएम मोदी से अदानी पर पूछे गए सवाल को लेकर राहुल गांधी...

पीएम मोदी से अदानी पर पूछे गए सवाल को लेकर राहुल गांधी ने क्या कहा

अमेरिका में भारतीय उद्योगपति गौतम अदानी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए जवाब पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा, “देश में सवाल पूछो तो चुप्पी, विदेश में पूछो तो निजी मामला।”उन्होंने आगे कहा, “अमेरिका में मोदी ने अदानी के भ्रष्टाचार पर पर्दा डाल दिया। जब प्रधानमंत्री के लिए मित्र की जेब भरना ‘राष्ट्र निर्माण’ बन जाता है, तो रिश्वतखोरी और देश की संपत्ति की लूट ‘व्यक्तिगत मामला’ बन जाती है।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाल ही में अमेरिका दौरे पर थे, जहां उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक सवाल का जवाब दिया। सवाल यह था कि क्या उन्होंने ट्रंप के साथ गौतम अदानी के मामले पर चर्चा की और इस मामले में कार्रवाई करने को कहा।

इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “भारत एक लोकतांत्रिक देश है। हमारे संस्कार और संस्कृति ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ की है। हम पूरे विश्व को एक परिवार मानते हैं और हर भारतीय को अपना मानते हैं। ऐसे व्यक्तिगत मामलों पर दो देशों के नेता कभी नहीं मिलते, बैठते या बात करते हैं।”

हाल ही में गौतम अदानी, उनके भतीजे सागर अदानी और उनके साथ आठ अन्य लोगों के खिलाफ अमेरिका में धोखाधड़ी के आरोप लगाए गए थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular