Homeखेल कूदसेमीफ़ाइनल मुक़ाबले से पहले विराट कोहली पर क्या बोले रोहित शर्मा

सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले से पहले विराट कोहली पर क्या बोले रोहित शर्मा

आईसीसी टी20 विश्व कप 2024 के दूसरे सेमीफ़ाइनल मुकाबले में भारत और इंग्लैंड आमने-सामने होंगे.

दूसरे सेमीफ़ाइनल मुकाबले से पहले हुई प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कप्तान रोहित शर्मा ने टूर्नामेंट में अब तक के प्रदर्शन और आगे के प्लान के बारे में खुलकर बात की.

इसी प्रेस कॉन्फ़्रेंस में विराट कोहली की परफ़ॉर्मेंस और अर्शदीप सिंह के गेंदबाज़ी पर गंभीर सवाल भी पूछे गए और रोहित ने जो जवाब दिए हैं वो सुनने लायक हैं.

पत्रकार ने पूछा, ”ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि विराट जैसे खिलाड़ी ने अभी तक बड़ा स्कोर नहीं किया है जो कि वो करते आए हैं. वो जब भी आउट होते हैं तो कारण तलाशना मुश्किल हो जाता है. ऋषभ पंत भी दो बार रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश में आउट हुए हैं. क्या टीम में कोई ऐसा टेंप्लेट है कि अगर पावरप्ले में विकेट गिरते हैं तो बाकी खिलाड़ी रन बनाते रहें या फिर सेफ़्टी फ़र्स्ट पहले जैसी बात है?”

रोहित शर्मा इस सवाल के बाद विराट कोहली के बचाव में आ गए और उन्होंने कहा, ”देखिए ये सब इस बात पर निर्भर करता है कि हमारे सामने कैसी स्थिति है? देखिए ये मेरे लिए काफ़ी बोरिंग है कि मैं बार-बार कंडीशन की बात करूं लेकिन ये ज़रूरी बात है क्योंकि हमने देखा न्यूयॉर्क में जीतने वाला क्या स्कोर था तो ऐसे में हमारे लिए ये सोचना की हम जा के घुमाएंगे और ये करेंगे वो करेंगे. ये सेंसिबल नहीं है तो हम एक समझदार टीम बनना चाहते हैं, ऐसी टीम नहीं बनना चाहते कि हम जाएं और मारना शुरू कर दें.”

”मुझे लगता है कि हमारे लिए ये समझना ज़रूरी है कि सामने क्या है और करना क्या है. उस वक्त और मैंने इस टीम में अनुभव की बात की है और हम उस अनुभव पर निर्भर करते हैं कि वो वहां पर रिवर्स स्वीप खेलेंगे या योर्कर बॉल फेकेंगे या बाउंसर फेकेंगे…हम उस अनुभव पर निर्भर करते हैं कि वो क्या फैसला लेंगे.”

”एक कप्तान और एक कोच होने के नाते एक बार जब खेल शुरू हो जाता है, तब हम इस बात की चर्चा नहीं करते हैं कि खेल में क्या करना है. हां खेल के दौरान कुछ पहलुओं पर बात ज़रूर करते हैं. ट्रेनिंग के दौरान खिलाड़ियों से बात हो जाती है कि उनसे क्या उम्मीद की जा रही है.”

”हम खिलाड़ियों के अनुभव पर निर्भर हैं कि वो रिवर्स स्वीप का फ़ैसला लेते हैं या फिर आगे बढ़कर शॉट खेलते हैं. तो हम ऐसे ही अपने आठ बल्लेबाज़ों पर निर्भर करते हैं और गेंदबाज़ों के साथ भी ऐसा ही है. हमारी टीम में अच्छी क्वालिटी के खिलाड़ी हैं और मैं खुद निजी तौर से इन खिलाड़ियों पर निर्भर होता हूं कि वो जो तेज़ दिमाग के खिलाड़ी हैं वो जो भी फैसला लेंगे.”

एक पत्रकार ने रोहित शर्मा से कहा, ”पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इंज़माम उल हक ने बयान दिया है कि भारतीय गेंदबाज़ों ने बॉल के साथ छेड़छाड़ कर रही थी और अर्शदीप सिंह जो 15वां ओवर फेंक रहे थे उसमें रिवर्स स्विंग हो रही थी जो संभव नहीं था.”

इसके जवाब में रोहित ने कहा, ”अभी क्या जवाब दूं इसका मैं? अभी इतनी धूप में खेल रहे हो…पिच ड्राई है…बॉल रिवर्स अपने आप होता है…सब टीम का हो रहा है हमारा क्यों? कभी-कभी अपना दिमाग खोलना भी ज़रूरी है…ये भी समझना ज़रूरी है कि हम कौन से कंडीशन में खेल रहे हैं. ऑस्ट्रेलिया में मैच नहीं है रहा है…तो मैं कहूंगा, छोड़ो…”

RELATED ARTICLES

Most Popular