प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बांग्लादेश में हुए सत्ता परिवर्तन पर कहा कि इसमें हमारी भूमिका नहीं है.
भारतीय प्रधानमंत्री के साथ बातचीत के बाद हुए साझा संवाददाता सम्मेलन में ट्रंप से पूछा गया, “आप बांग्लादेश के बारे में क्या कहना चाहेंगे, क्योंकि हमने देखा कि और ये साफ दिखता भी है बाइडन प्रशासन के दौरान कैसे अमेरिका का डीप स्टेट काम कर रहा था? मोहम्मद यूनुस जूनियर सोरोस से भी मिले. आप पूरे परिपेक्ष्य में बांग्लादेश के बारे में क्या कहना चाहेंगे?”
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “इसमें हमारे डीप स्टेट की भूमिका नहीं है. इस पर पीएम (मोदी) लंबे समय से काम कर रहे हैं.”
बांग्लादेश में विरोध प्रदर्शन के बीच पाँच अगस्त को तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख़ हसीना ने देश छोड़ दिया था और वो अभी भारत में रह रही हैं.
इसके बाद बांग्लादेश में मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में अंतरिम सरकार बनी. बांग्लादेश की मौजूदा सरकार कई बार शेख़ हसीना को देश वापस भेजने की मांग भारत से कर चुकी है.
