उत्तर प्रदेश के बागपत से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया। यहां एक पति ने न केवल अपनी पत्नी के एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर को स्वीकार किया, बल्कि पुलिस के सामने ही उसे उसके प्रेमी के साथ विदा भी किया।
कहानी मुजफ्फरनगर की 23 वर्षीय सोनी और बागपत के 21 वर्षीय हरीश की है। सोनी की शादी तीन साल पहले सहारनपुर के पीरू नामक युवक से हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। करीब एक साल पहले फेसबुक के जरिए सोनी की हरीश से मुलाकात हुई, जो धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्यार में बदल गई।
पति की जिद के आगे झुकी पत्नी
सोनी पहले भी तीन बार हरीश के पास बागपत आ चुकी थी, लेकिन हर बार उसे वापस भेजा गया। इस बार वह लौटने से इनकार कर रही थी, जिससे मामला कोतवाली तक पहुँच गया। सूचना मिलने पर पति पीरू और सोनी के मायके वाले भी पहुंचे।
पुलिस की मौजूदगी में हुई पंचायत में परिजनों ने बच्चों और सामाजिक लोक-लाज का हवाला दिया, लेकिन सोनी टस से मस नहीं हुई। अंततः पति पीरू ने बड़ा दिल दिखाते हुए सार्वजनिक रूप से अपनी पत्नी को हरीश के साथ जाने की अनुमति दे दी।
पुलिस ने दर्ज किया लिखित बयान, फिर हुई शादी
पुलिस ने दोनों के बालिग होने और स्वेच्छा से साथ रहने का लिखित बयान दर्ज किया। इसके बाद शाम को कस्बे के एक मंदिर में सोनी और हरीश ने विधि-विधान से शादी कर ली।यह अनोखी विदाई और शादी अब बागपत और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है।
