लखनऊ, 25 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ‘राधे-राधे तो शुरुआत है, सपा के लिए अब राम नाम सत्य का समय आ रहा है।
‘ उन्होंने अखिलेश यादव के अयोध्या जाने को लेकर कहा कि दो नावों की सवारी करने वाले डूबते हैं। सपा नेतृत्व को रामभक्तों और हिंदुओं से माफी मांगनी चाहिए। मुख्यमंत्री बुधवार को लखनऊ में एक टीवी मीडिया समूह को दिए साक्षात्कार में विपक्ष पर निशाना साध रहे थे। इस दौरान उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं।
‘अयोध्या जा रहे अखिलेश रामभक्तों से मांगें माफी’
मुख्यमंत्री ने कहा कि मथुरा में राधे-राधे, अयोध्या में जय श्रीराम और काशी में हर-हर महादेव कहना वहां की आस्था और परंपरा के अनुरूप है। विदाई के समय राम नाम सत्य कहा जाता है। उन्होंने कहा कि यदि नब्बे के दशक में सपा नेतृत्व को सद्बुद्धि आई होती तो रामभक्तों पर गोलियां नहीं चलतीं। अब अखिलेश यादव को रामभक्तों और हिंदुओं से माफी मांगनी चाहिए।
‘पीडीए का मतलब परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’
सीएम योगी ने सपा के पीडीए नारे पर तंज कसते हुए कहा कि इसका अर्थ परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा की राजनीति परिवार तक सीमित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का मतदाता हर राष्ट्रवादी नागरिक है, जो संविधान और देश की विरासत का सम्मान करता है। उनकी किसी से व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है, लेकिन देश और समाज के सामने चुनौती आने पर उसका सामना करना संन्यासी का दायित्व है।
चुनाव से पहले ही विफल हो गया सपा-कांग्रेस गठबंधन
मुख्यमंत्री ने सपा और कांग्रेस के गठबंधन को लेकर कहा कि यह चुनाव से पहले ही विफल हो चुका है। एक तरफ दोनों दलों के बीच बैठकें चल रही हैं, वहीं दूसरी ओर प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जा रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दोनों दलों ने प्याज भी खाया और जूता भी। सीएम ने स्पष्ट किया कि भाजपा और एनडीए के सहयोगी मिलकर चुनाव लड़ेंगे और प्रत्याशियों का चयन पार्टी की निर्धारित प्रक्रिया के तहत होगा।
घुसपैठियों को अपना मानती है सपा: योगी
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मतदाता सूची को शुद्ध करने की प्रक्रिया है। मृतकों और दूसरी जगह जा चुके मतदाताओं के नाम हटाए जाने चाहिए, जबकि हर पात्र भारतीय नागरिक का नाम सूची में रहना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा विदेशी घुसपैठियों को अपना मानती है और भारतीय नागरिकों पर सवाल उठाती है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और सपा पर संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े करने का भी आरोप लगाया।
बीमारू राज्य से ग्रोथ इंजन बना उत्तर प्रदेश
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में गुंडागर्दी, दंगे और अव्यवस्था का माहौल था। अब विकास योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था, प्रति व्यक्ति आय और बजट तीन गुना से अधिक बढ़े हैं। देश के एक्सप्रेसवे नेटवर्क में यूपी की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत है। पहले प्रदेश में दो एयरपोर्ट क्रियाशील थे, जबकि अब 17 एयरपोर्ट संचालित हैं, जिनमें पांच अंतरराष्ट्रीय हैं। इसके अलावा सात शहरों में मेट्रो सेवा चल रही है।
कट्टा-बम की फैक्ट्रियों से ब्रह्मोस निर्माण तक बदली तस्वीर
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले प्रदेश में कट्टा-बम की फैक्ट्रियां चलती थीं और माफिया पनपते थे। अब यूपी में रिवॉल्वर, राइफल और ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। उन्होंने बताया कि निवेश को बढ़ावा देने के लिए 36 सेक्टोरल नीतियां बनाई गई हैं और प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।
उन्होंने कहा कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में एयरपोर्ट, सेमीकंडक्टर इकाई, फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क और डेटा सेंटर विकसित किए जा रहे हैं। देश के मोबाइल उत्पादन का 55 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का 60 प्रतिशत यूपी में तैयार होता है। एमएसएमई और ओडीओपी योजनाओं के माध्यम से सवा तीन करोड़ लोगों को रोजगार मिल रहा है।
चार लाख खरीदारों को दिलाए मकान
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में करीब चार लाख मकान खरीदार अपने घर मिलने का इंतजार कर रहे थे। सरकार ने बिल्डरों और खरीदारों के बीच संवाद स्थापित कर समस्याओं का समाधान कराया और चार लाख लोगों को आवास उपलब्ध कराए।
26 जनवरी तक साढ़े दस लाख नियुक्ति पत्र देने का लक्ष्य
सीएम योगी ने बताया कि अब तक करीब पौने दस लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। आगामी 26 जनवरी तक साढ़े दस लाख नियुक्ति पत्र देने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने दावा किया कि सपा की चार सरकारों में हुई कुल नियुक्तियां भी वर्तमान सरकार की एक चौथाई नहीं थीं।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल में युवाओं की ऑनलाइन पढ़ाई को बढ़ावा देने के लिए 25 दिसंबर 2021 को टैबलेट वितरण शुरू किया गया था। पहले चरण में 60 लाख युवाओं को टैबलेट दिए गए, जबकि दूसरे चरण में 25 लाख का लक्ष्य है। इनमें एक लाख से अधिक टैबलेट वितरित किए जा चुके हैं। युवाओं को एआई, ड्रोन, रोबोटिक्स और सेमीकंडक्टर जैसी नई तकनीकों का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को चेतावनी
मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था पर कहा कि बेटियों, व्यापारियों, निवेशकों और राह चलती महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए दो ही जगह हैं- जेल या जहन्नुम। उन्होंने कहा कि कानून को चुनौती देने वालों से कानून के मुताबिक सख्ती से निपटा जाएगा।
मोदी को बताया आदर्श, कमल के निशान पर लड़ेंगे चुनाव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना आदर्श बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पार्टी के सामान्य सिपाही हैं और भविष्य में जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, उसे निभाएंगे। उन्होंने कहा कि कमल का फूल पार्टी के लिए सब कुछ है और वह इसी चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ेंगे। राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्होंने उन्हें लॉन्च होकर भी विफल रहने वाला रॉकेट बताया। मुख्यमंत्री ने बुलडोजर को यूपी की ताकत बताते हुए कहा कि भारत विश्व की आध्यात्मिक शक्ति है और उत्तर प्रदेश में असीम संभावनाएं हैं।
माता के निधन के बाद भी निभाया संन्यासी धर्म
साक्षात्कार में मुख्यमंत्री ने अपनी माता के निधन के दिन की घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि अंतिम संस्कार से जुड़े संस्कार संपन्न करने के बाद हरिद्वार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगवानी और कार्यक्रम में शामिल हुए थे। भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि यही संन्यासी धर्म है।
