Homeउत्तर प्रदेशस्पीड, स्केल और कनेक्टिविटी से बदली यूपी की तस्वीर, 7 शहरों में...

स्पीड, स्केल और कनेक्टिविटी से बदली यूपी की तस्वीर, 7 शहरों में दौड़ रही मेट्रो: सीएम योगी

न्यूज़ डेस्क, लखनऊ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्पीड, स्केल और कनेक्टिविटी के मंत्र ने उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदल दी है। वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में सड़क, रेल, मेट्रो और हवाई संपर्क के क्षेत्र में व्यापक विस्तार हुआ है। इससे लोगों की आवाजाही आसान हुई है और विकास के नए अवसर खुले हैं।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रदेश में बुनियादी ढांचे के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि सड़क, रेल और हवाई संपर्क केवल दूरियां कम नहीं करते, बल्कि समय की बचत, बेहतर सुविधाओं और समृद्धि की संभावनाओं को भी बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में विकास की इन जीवन रेखाओं की स्थिति अत्यंत दयनीय थी।

10 एक्सप्रेस-वे और 12 घरेलू हवाई अड्डों का दावा

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने प्रदेश में कनेक्टिविटी को मजबूत किया है। उनके मुताबिक, वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में मात्र डेढ़ एक्सप्रेस-वे थे, जबकि अब 10 एक्सप्रेस-वे संचालित हैं। पहले हवाई सेवाएं कुछ चुनिंदा शहरों तक सीमित थीं, लेकिन अब प्रदेश में 12 घरेलू और पांच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों के माध्यम से हवाई संपर्क का विस्तार हुआ है।

मुख्यमंत्री ने मेट्रो सेवाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले प्रदेश के किसी भी शहर में मेट्रो नहीं चलती थी, जबकि अब सात शहरों में मेट्रो लोगों के आवागमन को नई गति दे रही है।

किसानों, युवाओं और कारोबार को मिल रहे नए अवसर

मुख्यमंत्री के अनुसार, बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ किसानों, युवाओं, उद्यमियों और आम नागरिकों को मिल रहा है। इससे किसानों की उपज को बड़े बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिल रही है, वहीं कारोबार और उद्यमिता के लिए नए अवसर भी बन रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बेहतर परिवहन सुविधाओं से युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार तक पहुंच आसान हुई है। कामकाजी लोगों का समय बच रहा है और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल रहा है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के अवसर मजबूत हो रहे हैं।

सीएम योगी ने कहा कि विकास की यह गति गांवों से कस्बों और कस्बों से शहरों तक लोगों के जीवन में बदलाव ला रही है। हर क्षेत्र को अवसर, हर उद्यम को सामर्थ्य और हर परिवार के जीवन में बढ़ती खुशहाली ही नए भारत के नए उत्तर प्रदेश की पहचान है।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular