Homeउत्तर प्रदेशडिजिटल पहल से बदलेगी माध्यमिक शिक्षा की तस्वीर, वीडियो से आसान होगी...

डिजिटल पहल से बदलेगी माध्यमिक शिक्षा की तस्वीर, वीडियो से आसान होगी कठिन पढ़ाई

रिपोर्ट – गोविंद कश्यप 

योगी सरकार माध्यमिक शिक्षा को तकनीक से जोड़ते हुए विद्यार्थियों के लिए कठिन विषयों को वीडियो, एनीमेशन और अन्य डिजिटल माध्यमों से आसान बनाने की दिशा में कदम बढ़ा रही है।

इसी क्रम में राज्य शैक्षिक तकनीकी संस्थान (एसआईईटी), उत्तर प्रदेश के मीटिंग हॉल में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए शैक्षिक वीडियो निर्माण संबंधी कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यशाला में लखनऊ मंडल के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों से 18 प्रवक्ता एवं सहायक अध्यापकों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ एसआईईटी  निदेशक डॉ. मुकेश चंद्र ने किया। इस दौरान अपर निदेशक, व्यावसायिक शिक्षा सुरेंद्र तिवारी और एसआईईटी के प्रशासनिक अधिकारी अजीत कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

वीडियो और एनीमेशन से आसान होगी पढ़ाई

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों की विषय विशेषज्ञता को डिजिटल तकनीक से जोड़कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सामग्री तैयार करना रहा। वीडियो, रील्स, एनीमेशन और बुलेट प्वाइंट जैसे माध्यमों के जरिए कठिन विषयों और जटिल अवधारणाओं को विद्यार्थियों के लिए सरल और रोचक बनाने पर जोर दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल संसाधनों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी गति और समझ के अनुसार विषयों को दोबारा सीखने का अवसर मिलेगा। तकनीक को शिक्षा का विकल्प नहीं बल्कि शिक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने के माध्यम के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा।

छह प्रमुख विषयों पर तैयार होगी डिजिटल सामग्री

कार्यशाला में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, मनोविज्ञान, अर्थशास्त्र और गणित जैसे विषयों पर डिजिटल शैक्षिक सामग्री तैयार करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। शिक्षकों को विद्यार्थियों के कक्षा स्तर और सीखने की जरूरत के अनुसार वीडियो तैयार करने के लिए मार्गदर्शन दिया गया।

शिक्षकों को वीडियो निर्माण की तकनीकी जानकारी

एससीईआरटी के प्रवक्ता कमल किशोर ने शैक्षिक वीडियो की रूपरेखा और निर्माण से जुड़े दिशा-निर्देश साझा किए। प्रतिभागी शिक्षकों को विषयवस्तु के चयन, प्रस्तुतीकरण और वीडियो निर्माण के तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई।

कार्यशाला के अंत में एसआईईटी निदेशक डॉ. मुकेश चंद्र ने प्रतिभागियों के साथ आगे की कार्ययोजना साझा की। इस पहल के जरिए माध्यमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण डिजिटल शिक्षण सामग्री तैयार करने की दिशा में काम आगे बढ़ाया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular