Homeउत्तर प्रदेशआगरा में भीषण सड़क हादसा: बोलेरो पेड़ से टकराई, 5 की मौत,...

आगरा में भीषण सड़क हादसा: बोलेरो पेड़ से टकराई, 5 की मौत, 4 गंभीर

 

आगरा। एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। चित्राहाट थाना क्षेत्र के इटावा मार्ग पर पई के पास एक तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस भीषण दुर्घटना में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी यात्री केला देवी मंदिर (राजस्थान) में दर्शन कर वापस इटावा लौट रहे थे। रास्ते में अचानक बोलेरो चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिससे यह हादसा हो गया।

मृतकों में मासूम बच्ची भी शामिल
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों में 3 पुरुष, 1 महिला और एक 3 वर्षीय मासूम बच्ची शामिल है। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घायलों का सैफई अस्पताल में इलाज जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए सैफई अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।

डीसीपी ने दी जानकारी
पूर्वी आगरा के डीसीपी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया और मामले की जांच की जा रही है।

यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार के खतरों को उजागर करता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यात्रा के दौरान सावधानी बरतें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें।

रिपोर्ट: ममता भारद्वाज
स्थान: आगरा

RELATED ARTICLES

Most Popular