Homeउत्तर प्रदेशपुलिस हिरासत में युवक की मौत पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय...

पुलिस हिरासत में युवक की मौत पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने उठाए सवाल

रिपोर्ट- अजयपाल यादव 

बदायूं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सोमवार को बदायूं पहुंचे और अटसेना गांव जाकर पुलिस कस्टडी में मौत के शिकार हुए राजेश के परिजनों से मुलाकात की। परिजनों ने दातागंज कोतवाली पुलिस पर राजेश की पिटाई करने और इसी वजह से उसकी मौत होने का आरोप लगाया था।

जानकारी के मुताबिक, झगड़े के बाद दातागंज कोतवाली पुलिस राजेश को हिरासत में लेकर आई थी। इसी दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई। पुलिस के मुताबिक, उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, परिजनों ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने इन आरोपों से इनकार किया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में राजेश की मौत का कारण कार्डियक अटैक बताया गया है। इसके बावजूद मामले को लेकर परिजनों में आक्रोश है और उन्होंने पुलिस की भूमिका की जांच की मांग की है।

परिजनों से मुलाकात के बाद अजय राय ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि आए दिन पुलिस हिरासत में मौतों के मामले सामने आ रहे हैं।

मीडिया से बातचीत में अजय राय ने भाजपा सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार अन्याय और अत्याचार के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, लेकिन सरकार उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज करा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस डरने वाली नहीं है।

अजय राय ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर दलितों के साथ अत्याचार का आरोप लगाते हुए कहा कि योगी सरकार एनकाउंटर के नाम पर अपनी पीठ थपथपा रही है, जबकि जमीनी हकीकत में सरकार पूरी तरह विफल है।

RELATED ARTICLES

Most Popular