रिपोर्ट: अजय पाल यादव
बदायूं जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपने ही बेटे की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि पिता और पुत्र ने साथ बैठकर शराब पी थी।
इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्साए पिता ने बेटे पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी पिता फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला बदायूं के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के एकता नगर नरऊ मोड़ का है। उसहैत थाना क्षेत्र के गांव बची का रहने वाला 35 वर्षीय रामअवतार पुत्र नरेश काफी समय से सिविल लाइन थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहता था।.
रामअवतार ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था बताया जा रहा है कि पिता-पुत्र गांव से गेहूं लेने गए थे। रात में दोनों साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में आकर पिता नरेश ने बेटे रामअवतार पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में रामअवतार की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी होने पर पड़ोसियों ने परिजनों को सूचना दी। गांव के प्रधान ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता नरेश को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे की वजह जानने का प्रयास किया जा रहा है।
