रिपोर्ट – अमित शुक्ला
औरैया। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार देर रात करीब एक बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। अछल्दा थाना क्षेत्र के इटैली चौकी अंतर्गत नगला धुंधे गांव के सामने किलोमीटर संख्या 277.1 पर सड़क किनारे खड़े डम्फर में पीछे से आ रहा तेज रफ्तार डम्फर जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीछे से टकराने वाले डम्फर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक और कंडक्टर केबिन में फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112, यूपीडा, अछल्दा थाना पुलिस और कुदरकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। यूपीडा के सीएसओ विजय सिंह, थाना प्रभारी सुरेशचंद्र सिंह और चौकी प्रभारी विपिन पाल ने जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त डम्फर को हटवाया। इसके बाद कड़ी मशक्कत कर केबिन में फंसे चालक और कंडक्टर को बाहर निकाला गया।

हादसे में डम्फर चालक अनुज यादव पुत्र रामनिवास, उम्र 35 वर्ष और कंडक्टर मोनू यादव पुत्र जयभान, उम्र 30 वर्ष, निवासी नगला वाले थाना एरवाकटरा, जिला औरैया फंस गए थे। चालक अनुज यादव को मामूली चोटें आईं। उन्हें एंबुलेंस से उपचार के लिए सीएचसी भरथना भेजा गया। वहीं कंडक्टर मोनू यादव की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी औरैया भेज दिया।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त डम्फर को एक्सप्रेसवे से हटाकर किनारे कराया। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया
