रिपोर्ट: ममता भारद्वाज
आगरा में सवारी बैठाकर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना शमशाबाद पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर सुनियोजित तरीके से यात्रियों को निशाना बनाकर लूटपाट करने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी किराये पर थार और स्कॉर्पियो जैसी लग्जरी गाड़ियां लेते थे और रात के समय सवारियों को बैठाते थे। इसके बाद यात्रियों को सुनसान इलाकों में ले जाकर उनके साथ लूट की वारदात को अंजाम देते थे। बदमाश सवारियों से नगदी, आभूषण और अन्य कीमती सामान लूट लेते थे।
जांच में सामने आया है कि गैंग आगरा के चार अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कई लोगों को अपना शिकार बना चुका है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नगदी, आभूषण, एक अवैध तमंचा और वारदात में इस्तेमाल की गई किराये की थार और स्कॉर्पियो बरामद की है।
गिरफ्तार चारों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि गैंग से जुड़े अन्य मामलों और फरार साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
फिलहाल थाना शमशाबाद पुलिस की कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि गैंग के पकड़े जाने से सवारी बैठाकर लूट की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगेगा।
