Homeउत्तर प्रदेशझारखंड में लाठीचार्ज के विरोध में लखनऊ में ABVP का प्रदर्शन, सोरेन...

झारखंड में लाठीचार्ज के विरोध में लखनऊ में ABVP का प्रदर्शन, सोरेन का पुतला फूंका

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेई शुक्ला

लखनऊ। झारखंड में छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और JPSC-JSSC परीक्षाओं में अनियमितताओं के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने गुरुवार को लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन किया। ABVP की लखनऊ महानगर इकाई से जुड़े छात्र और कार्यकर्ता हजरतगंज स्थित GPO के पास गांधी प्रतिमा पर एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने झारखंड सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग की।

पुतला जलाने से पहले हाथों में पोस्टर लेकर छात्रों ने जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा के पास नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान छात्र हाथों में विभिन्न स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर पहुंचे। इनमें ‘भ्रष्टतंत्र की सरकार को धूल चटाएंगे, छात्रों को न्याय दिलाएंगे’, ‘झारखंड सरकार शर्म करो, छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद करो’, ‘अन्याय के खिलाफ, हम हैं साथ’ और ‘छात्र शक्ति-राष्ट्र शक्ति’ जैसे नारे लिखे थे। प्रदर्शनकारियों ने झारखंड सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

हजरतगंज चौराहे पर फूंका हेमंत सोरेन का पुतला

गांधी प्रतिमा के पास प्रदर्शन के बाद ABVP कार्यकर्ता हजरतगंज चौराहे पर पहुंचे। यहां प्रदर्शनकारियों ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला फूंका। पुतला जलाने के दौरान कार्यकर्ताओं ने झारखंड सरकार के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि छात्रों की आवाज दबाने के बजाय सरकार को उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए।

JPSC और JSSC में भ्रष्टाचार का लगाया आरोप

ABVP कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में लंबे समय से भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और पेपर लीक जैसी शिकायतें सामने आती रही हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब छात्र इन मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे थे, तब पुलिस ने उनके खिलाफ कथित तौर पर बर्बरता करते हुए लाठीचार्ज किया।

छात्रों ने मांग की कि परीक्षा में कथित धांधली और अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराई जाए। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो और झारखंड के छात्रों को न्याय दिया जाए।

पुतले के साथ झारखंड के सीएम की तस्वीरें भी जलाई गईं।

‘लाठीचार्ज की जिम्मेदारी सरकार को लेनी पड़ेगी’

ABVP लखनऊ विश्वविद्यालय इकाई के अध्यक्ष आदर्श मिश्रा ने कहा कि छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की जिम्मेदारी झारखंड सरकार को लेनी होगी। उन्होंने कहा कि JPSC में पेपर लीक के आरोपों की जांच कराई जानी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

‘JPSC और JSSC में हो रही अनियमितताएं’

ABVP लखनऊ महानगर महामंत्री आरपी शुक्ला ने कहा कि झारखंड सरकार के विरोध में प्रदर्शन किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक के मुद्दे को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग करते हुए JPSC और JSSC की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।

छात्रों को आतंकवादी समझकर पीटा गया’

ABVP कार्यकर्ता शिवम पांडेय ने आरोप लगाया कि झारखंड में छात्रों और ABVP कार्यकर्ताओं के साथ बर्बरतापूर्ण व्यवहार किया गया। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखने वाले छात्रों को हिरासत में लिया गया। शिवम पांडेय ने कहा कि इस घटना को लेकर देशभर में छात्र आक्रोशित हैं और ABVP छात्रों के न्याय के लिए आंदोलन कर रही है।

विपक्ष पर भी साधा निशाना

ABVP चारबाग के नगर मंत्री तनिष्क शर्मा भारद्वाज ने विपक्षी नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि राहुल गांधी, अखिलेश यादव, डिंपल यादव और चंद्रशेखर आजाद झारखंड में छात्रों के समर्थन में क्यों नहीं पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेता दूसरे मुद्दों पर प्रदर्शन में शामिल होते हैं, लेकिन झारखंड के छात्रों के मुद्दे पर चुप हैं।

‘सरकार की लापरवाही से लीक हो रहे पेपर’

ABVP लखनऊ विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष आर्यन शर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही के कारण JSSC और JPSC में पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों को अपनी बात लोकतांत्रिक तरीके से रखने का अधिकार है और सरकार को उनकी बात सुननी चाहिए, न कि उनके खिलाफ लाठीचार्ज करना चाहिए।

‘मांगें नहीं मानीं तो देशभर में आंदोलन जारी रहेगा’

प्रदर्शनकारी यशवर्धन पटेल ने कहा कि छात्रों के साथ कथित बर्बरता के खिलाफ ABVP पूरे देश में आवाज उठा रही है। उन्होंने विपक्ष की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि झारखंड में छात्रों के मुद्दे पर भी विपक्ष को अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि जब तक झारखंड सरकार छात्रों की मांगों पर ध्यान नहीं देती और कथित लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करती, तब तक ABVP का आंदोलन जारी रहेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular