रिपोर्ट – अजयपल यादव
बिसौली विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक आशुतोष मौर्य उर्फ राजू रविवार को एक सड़क हादसे में घायल हो गए। उनकी फॉर्च्यूनर कार की अर्टिगा कार से जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे में विधायक के कंधे समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। वहीं, कार चालक मुकेश और गनर देव सिंह भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
यह दुर्घटना वजीरगंज थाना क्षेत्र के एम.एफ. हाईवे पर गंगा एक्सप्रेसवे के पास बनकोटा गांव के निकट हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
