रिपोर्ट – ममता भारद्वाज
आगरा के थाना एतमादपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध असलहा निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने आगरा-फिरोजाबाद बॉर्डर स्थित छोटा सुरेरा जंगल में छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम शर्मा, आदिल, राशिद हुसैन, आसिफ और प्रिंस नागवाड़ी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शुभम शर्मा और आदिल आगरा में अवैध हथियारों की सप्लाई करते थे, जबकि प्रिंस नागवाड़ी फिरोजाबाद, एटा सहित अन्य जिलों में हथियार पहुंचाने का काम करता था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 5 तमंचे, एक पिस्टल, कारतूस, हथियार बनाने के उपकरण, भारी मात्रा में असलहा निर्माण सामग्री, गैस सिलेंडर, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।

यह कार्रवाई साइबर सर्विलांस, काउंटर इंटेलिजेंस और एसओजी की संयुक्त टीम ने की। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हथियारों के पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच में जुटी हुई है।
