Homeउत्तर प्रदेशरपटा पुल पर उफनती अरिल में मौत का पुल पार करने की...

रपटा पुल पर उफनती अरिल में मौत का पुल पार करने की जिद, बाइक समेत बह गए तीन युवक

रिपोर्ट- अचल प्रताप सिंह

बरेली। आंवला-अतरछेड़ी मार्ग पर सोमवार शाम बड़ा हादसा हो गया। डरुआपुर गांव के पास रपटा पुल से गुजरते समय तीन बाइक सवार युवक उफनती अरिल नदी की तेज धारा में बह गए। हादसा शाम करीब साढ़े पांच बजे हुआ। लगातार बारिश के कारण नदी का पानी पुल से करीब डेढ़ फुट ऊपर बह रहा था। इसके बावजूद तीनों युवकों ने बाइक से पुल पार करने की कोशिश की।

ग्रामीण रोकते रहे, युवक बढ़ाते गए बाइक

डरुआपुर निवासी सौरभ शर्मा और भीमपुर ग्राम पंचायत के प्रशासक श्रीपाल लोधी के मुताबिक, मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने युवकों को कई बार रोकने का प्रयास किया। उन्हें तेज बहाव और फिसलन का हवाला देकर पुल पर नहीं जाने की चेतावनी भी दी गई, लेकिन युवक नहीं माने।

पुल के बीच पहुंचते ही बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। तीनों युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे बाइक समेत नदी की तेज धारा में बह गए। मौके पर मौजूद एक ग्रामीण ने हादसे का वीडियो भी बना लिया।

आधी रात तक चला रेस्क्यू, नदी से मिली बाइक

घटना की सूचना मिलते ही बिशारतगंज और आंवला थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों की तलाश शुरू की। हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ और फ्लड पीएसी की टीमों को भी बुलाया गया।

देर रात रेस्क्यू टीम ने नदी से बाइक बरामद कर ली, लेकिन तीनों युवकों का पता नहीं चल सका। अंधेरा और नदी का तेज बहाव बचाव अभियान में बड़ी बाधा बना रहा। आसपास के गांवों में चौकीदारों और अन्य माध्यमों से युवकों के संबंध में जानकारी जुटाई जाती रही।

पिता की बाइक लेकर निकला था नितिन

बिशारतगंज के पूर्व चेयरमैन सूरजपाल ने बताया कि पड़ोसी सूरजपाल मौर्य का बेटा नितिन सोमवार शाम करीब चार बजे अपने पिता की बाइक लेकर आंवला की ओर गया था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।

नदी से बरामद बाइक नितिन के पिता की बताई जा रही है। ऐसे में आशंका है कि हादसे के समय नितिन भी बाइक पर सवार था। अन्य दो युवकों की पहचान का प्रयास जारी है।

रात में मौके पर पहुंचे डीएम-एसएसपी

तीन युवकों के नदी में बहने की सूचना मिलते ही डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य घटनास्थल पर पहुंचे। उनके साथ एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा और एसडीएम सुशील मिश्रा भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान का जायजा लिया।

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि एक युवक के बारे में जानकारी मिली है, जबकि अन्य दो की पहचान कराई जा रही है। एसडीआरएफ और फ्लड पीएसी की टीमें नदी में तलाश अभियान चला रही हैं। अंधेरा और तेज बहाव के कारण रेस्क्यू अभियान में परेशानी आ रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने जताई नशे में होने की आशंका

प्रत्यक्षदर्शियों ने अधिकारियों को बताया कि तीनों युवक काफी देर से पुल के आसपास दिखाई दे रहे थे। उनकी उम्र करीब 20 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। कुछ लोगों ने उन्हें पास में एक पेड़ के नीचे बैठे हुए भी देखा था।

ग्रामीणों ने युवकों के नशे में होने की आशंका जताई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular