न्यूज डेस्क, लखनऊ
दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण और उनके लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को प्रोत्साहित करने के लिए योगी सरकार ने राज्य स्तरीय पुरस्कार-2026 की घोषणा की है। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से **3 दिसंबर को विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे।
राज्य सरकार की ओर से कुल 12 श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। प्रत्येक श्रेणी के पुरस्कार के लिए 25 हजार रुपये की धनराशि तय की गई है।
इनमें दक्ष दिव्यांग कर्मचारी/स्वनियोजित दिव्यांगजन, सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता, सर्वश्रेष्ठ प्लेसमेंट अधिकारी या एजेंसी, सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति/संस्था, प्रेरणास्रोत एवं सृजनशील दिव्यांग बालक-बालिका, दिव्यांग खिलाड़ी और दिव्यांगजनों के लिए बाधारहित वातावरण तैयार करने वाले शामिल हैं।
इसके अलावा दिव्यांगजनों को पुनर्वास सेवाएं उपलब्ध कराने वाले सर्वश्रेष्ठ जिले समेत अन्य श्रेणियों में भी पुरस्कार दिए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों के सम्मान, आत्मनिर्भरता और सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देना है।
15 सितंबर तक कर सकते हैं आवेदन
पुरस्कार के लिए इच्छुक व्यक्ति और संस्थाएं जिलाधिकारी की संस्तुति के साथ 15 सितंबर तक** दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के निदेशालय, लखनऊ में आवेदन कर सकते हैं। पुरस्कार से जुड़ी विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट और हेल्पलाइन नंबर 18001801995 से प्राप्त की जा सकती है।
