Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में NSUI प्रदर्शन, अमित शाह के इस्तीफे की मांग; कार्यकर्ता हिरासत...

लखनऊ में NSUI प्रदर्शन, अमित शाह के इस्तीफे की मांग; कार्यकर्ता हिरासत में

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेई शुक्ला

लखनऊ। जेन-जी छात्रों के समर्थन में शनिवार को NSUI कार्यकर्ता राजधानी लखनऊ में सड़क पर उतर आए। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग को लेकर कार्यकर्ताओं ने राजभवन घेराव के लिए मार्च निकाला। परिवर्तन स्थल से विधानसभा की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने बाबू केडी सिंह स्टेडियम के पास रोक दिया।

प्रदर्शनकारियों की योजना परिवर्तन चौक से विधानसभा तक करीब दो किलोमीटर से अधिक मार्च निकालकर राजभवन का घेराव करने की थी। हालांकि, परिवर्तन स्थल से करीब 300 मीटर आगे बढ़ते ही पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक लिया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने एक-एक कर प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं को वाहनों में बैठाया और इको गार्डन भेज दिया।

कांग्रेस के चुनाव चिह्न वाले झंडे लेकर कार्यकर्ता पहुंच रहे हैं। इन झंडों पर नीचे साइड यूथ कांग्रेस लिखा है।

प्रदर्शन का नेतृत्व NSUI के यूपी प्रदेश अध्यक्ष दीपक शिवहरे ने किया। कांग्रेस यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, राष्ट्रीय सचिव जगदीश चंद्र जांगीड़ और अब्दुल हन्नान समेत कई नेता प्रदर्शन में शामिल हुए। सांसद राकेश राठौर, पूर्व MLC दीपक सिंह समेत अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी कार्यकर्ताओं के साथ मौजूद रहे। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया।

NSUI कार्यकर्ता जब परिवर्तन स्थल से आगे बढ़े तो उनके साथ पुलिसवाले भी चल पड़े।

NSUI कार्यकर्ताओं का कहना था कि जंतर-मंतर पर जेन-जी छात्रों के आंदोलन के दौरान पुलिस की कार्रवाई से युवाओं में आक्रोश है। इसी के विरोध में कार्यकर्ता लखनऊ में प्रदर्शन करने पहुंचे थे।

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने परिवर्तन स्थल पर करीब डेढ़ घंटे पहले ही भारी पुलिस बल तैनात कर दिया था। प्रदर्शन के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों के नेमप्लेट नहीं लगाए होने की बात भी सामने आई।

पूर्व MLC दीपक सिंह ने कहा कि आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इस्तीफा नहीं देते। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल लगाया गया, अगर इतनी ही मेहनत पेपर लीक रोकने में की गई होती तो ऐसे आंदोलन की नौबत नहीं आती।

परिवर्तन स्थल से थोड़ा आगे बढ़ते ही बड़ी संख्या में तैनात पुलिसवालों ने NSUI कार्यकर्ताओं का रास्ता रोक दिया।
RELATED ARTICLES

Most Popular