HomeUncategorized68500 शिक्षक भर्ती: लखनऊ में 56वें दिन भी धरना, आरक्षित वर्ग के...

68500 शिक्षक भर्ती: लखनऊ में 56वें दिन भी धरना, आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों ने शुरू की भूख हड़ताल

लखनऊ।* उत्तर प्रदेश में 68500 सहायक अध्यापक भर्ती में आरक्षण संबंधी गड़बड़ी का मुद्दा लगातार गरमाता जा रहा है। नियुक्ति की मांग को लेकर आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों का लखनऊ के ईको गार्डन में चल रहा आंदोलन सोमवार को 56वें दिन भी जारी रहा।

भर्ती का आधिकारिक शेड्यूल जारी नहीं होने से नाराज अभ्यर्थियों ने अब भूख हड़ताल शुरू कर दी है। उनका कहना है कि जब तक नियुक्ति का रास्ता साफ नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

 सुंदरकांड पाठ के दौरान पुलिस कार्रवाई का आरोप

अभ्यर्थियों के मुताबिक, वाल्मीकि जयंती पर सोमवार को वे बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास पर शांतिपूर्ण तरीके से सुंदरकांड पाठ करने के लिए एकत्र हुए थे। आरोप है कि इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस ने पाठ के बीच ही अभ्यर्थियों को बसों में बैठाना शुरू कर दिया। धक्का-मुक्की के दौरान राम दरबार की प्रतिमा का शीशा टूटने का भी दावा किया गया है। इसके बाद सभी अभ्यर्थियों को ईको गार्डन भेज दिया गया, जहां उनका धरना जारी है।

 23 हजार पद खाली होने का दावा

आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश के बावजूद भर्ती को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उनके मुताबिक, आरक्षित वर्ग के करीब 23 हजार पद खाली हैं, जिनमें लगभग नौ हजार पद अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के हैं। अभ्यर्थियों का आरोप है कि पर्याप्त पद उपलब्ध होने के बावजूद पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति नहीं दी जा रही है।

 संशोधित परिणाम और भर्ती शेड्यूल की मांग

अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश के अनुसार 150 अंकों में 40 प्रतिशत यानी 60 अंक के आधार पर संशोधित परिणाम जारी किया जाए। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों की नियुक्ति के लिए भर्ती का आधिकारिक कार्यक्रम घोषित किया जाए। उनका कहना है कि लंबे समय से आंदोलन करने के बावजूद मांगों पर निर्णय नहीं लिया गया है, जिससे अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ रही है।

दीपावली से पहले फैसला नहीं हुआ तो जारी रहेगा आंदोलन

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे आशुतोष वर्मा और तूफान सिंह ने कहा कि अभ्यर्थी नवरात्रि और दशहरा ईको गार्डन में बिता चुके हैं। यदि दीपावली से पहले भर्ती का शेड्यूल जारी नहीं किया गया तो वे दीपावली भी धरनास्थल पर ही मनाएंगे।

धरना प्रभारी नवीन चौधरी के अनुसार, भूख हड़ताल के पहले दिन चित्रकूट के दीपक पटेल और बरेली के नसीम फरीदी अनशन पर बैठे हैं।

अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बेसिक शिक्षा मंत्री और मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों से आगामी कैबिनेट बैठक में 68500 शिक्षक भर्ती का मुद्दा उठाने और भर्ती शेड्यूल जारी कराने की अपील की है। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक आधिकारिक शेड्यूल जारी नहीं होता, तब तक उनका धरना और भूख हड़ताल जारी रहेगी।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular