Homeउत्तर प्रदेश68,500 शिक्षक भर्ती: ईको गार्डन में नियुक्ति की आस, धरने पर बैठे...

68,500 शिक्षक भर्ती: ईको गार्डन में नियुक्ति की आस, धरने पर बैठे अभ्यर्थियों ने मायूसी में मनाई दीपावली

रिपोर्ट- प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ  उत्तर प्रदेश की 68,500 शिक्षक भर्ती-2018 के अभ्यर्थियों की दीपावली इस बार घरों से दूर आंदोलन स्थल पर बीती। लखनऊ के ईको गार्डन में दो महीने से अधिक समय से नियुक्ति की मांग को लेकर धरना दे रहे अभ्यर्थियों ने रविवार शाम फव्वारे के पास दीप जलाकर त्योहार मनाया। एक तरफ घरों में दीपों की रोशनी थी, वहीं दूसरी तरफ नियुक्ति की उम्मीद लगाए बैठे अभ्यर्थियों के बीच मायूसी नजर आई।

अभ्यर्थियों ने कहा कि अगर दीपावली से पहले सरकार की ओर से नियुक्ति का शेड्यूल जारी कर दिया जाता तो वे अपने परिवार और परिजनों के साथ त्योहार मना रहे होते। दशहरा के दौरान शुरू हुआ उनका आंदोलन अब दीपावली तक पहुंच गया है, लेकिन नियुक्ति को लेकर उन्हें अब तक कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है।

अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बेसिक शिक्षा विभाग से जल्द से जल्द नियुक्ति शेड्यूल जारी करने की मांग की। उनका कहना है कि इससे वर्षों से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों के भविष्य को नई दिशा मिलेगी और आंदोलन का भी सकारात्मक समाधान हो सकेगा।

आंदोलनकारियों ने बेसिक शिक्षा मंत्री की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि यदि मुख्यमंत्री के सामने इस मामले को तथ्यों के साथ मजबूती से रखा जाता तो उन्हें दीपावली भी आंदोलन स्थल पर बिताने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ता।

धरने में आशुतोष वर्मा, तूफान सिंह, नवीन चौधरी, रंजना जायसवाल, आरती रानी सिंह, उत्कर्ष सिंह पटेल, नसीम फरीदी, अरविंद कुमार, तारिक अनवर समेत विभिन्न जिलों से आए बड़ी संख्या में अभ्यर्थी मौजूद रहे।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular