Homeउत्तर प्रदेशएक्सप्रेसवे पर सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराएं, हादसों पर लगे...

एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराएं, हादसों पर लगे लगाम: ब्रजेश पाठक

लखनऊ, 09 नवंबर। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह जीरो माइल के पास हुए दर्दनाक बस हादसे के बाद प्रदेश सरकार ने सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाया है।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने हादसे को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश के सभी एक्सप्रेसवे पर यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने और लापरवाही की स्थिति में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।

उप मुख्यमंत्री ने अपर मुख्य सचिव, गृह विभाग, परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी और उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक को पत्र भेजकर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी एक्सप्रेसवे पर चलने वाले वाहनों के लिए निर्धारित गति सीमा का अनिवार्य रूप से पालन कराया जाए। ओवरस्पीडिंग पर प्रभावी निगरानी के साथ नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

इसके साथ ही वाहन चालकों की समय-समय पर काउंसलिंग कराई जाए, ताकि उन्हें तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी से होने वाले हादसों के खतरे के प्रति जागरूक किया जा सके।

एक्सप्रेसवे में प्रवेश से पहले चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण

ब्रजेश पाठक ने निर्देश दिया कि एक्सप्रेसवे पर वाहन लेकर प्रवेश करने से पहले चालकों के स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

जांच के दौरान यह भी सुनिश्चित किया जाए कि चालक ने किसी प्रकार के मादक पदार्थ या नशे का सेवन तो नहीं किया है। नशे की हालत में वाहन चलाने की किसी भी स्थिति को स्वीकार न करने के निर्देश दिए गए हैं।

विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर

उप मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और सड़क सुरक्षा से जुड़ी आवश्यक नीतियां तैयार कर उनका प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि एक्सप्रेसवे पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाए।

ब्रजेश पाठक ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ काम करने को कहा, ताकि भविष्य में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे जैसे हादसों की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular