रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अयोध्या में भाजपा के कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के साथ कथित अभद्रता और मारपीट के मामले को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है।
उन्होंने महिला आयोग से मामले का संज्ञान लेने और संबंधित भाजपा नेताओं व आयोजकों के खिलाफ वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा के लोग नारी का सम्मान नहीं, बल्कि अपमान करते हैं।
सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि कुछ महीनों बाद प्रदेश में पीडीए सरकार बनने पर राशन के साथ सरसों का तेल भी दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शोषित, वंचित और गरीब वर्ग के लोगों को भाजपा के उत्पीड़न और अपमान का सामना नहीं करना पड़ेगा। सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि भाजपा से पीड़ित और अपमानित लोग इस बार उसका स्थायी सफाया कर देंगे।
लखनऊ अग्निकांड की पीड़ित मां का भी उठाया मुद्दा
अखिलेश यादव ने लखनऊ अग्निकांड में जान गंवाने वाले युवक की मां का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की ओर से सार्वजनिक रूप से दुखी मां का अपमान किया गया। अखिलेश ने इसे मातृशक्ति का अपमान बताते हुए कहा कि एक मां का श्राप खाली नहीं जाएगा।
भाजपा पर चुनावी माहौल को लेकर हमला
सपा प्रमुख ने 2024 के लोकसभा चुनाव और 2026 के विधान परिषद चुनाव का हवाला देते हुए दावा किया कि जनता के बीच भाजपा के जुमलों का असर खत्म हो रहा है। उन्होंने भाजपा को ‘तेल की फिसलन वाली ढलान’ पर बताते हुए कहा कि जनता उसे हराने के मूड में है।
अखिलेश ने यह भी दावा किया कि भाजपा से जुड़े कुछ राजनीतिक लोग जनाक्रोश के डर से राजनीति छोड़ रहे हैं या दूसरे दलों में जगह तलाश रहे हैं। उन्होंने आगामी चुनाव को महिला और युवाओं बनाम भाजपा की लड़ाई बताया।
