Homeउत्तर प्रदेश68500 शिक्षक भर्ती: 60वें दिन भी जारी रहा अभ्यर्थियों का धरना, पांचवें...

68500 शिक्षक भर्ती: 60वें दिन भी जारी रहा अभ्यर्थियों का धरना, पांचवें दिन भूख हड़ताल; अमित शाह से लगाई न्याय की गुहार

उत्तर प्रदेश की 68500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण संबंधी कथित अनियमितताओं का मामला अब भी लंबित है। नियुक्ति की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। लखनऊ के ईको गार्डन में शुक्रवार को धरना 60वें दिन भी जारी रहा। वहीं, पांचवें दिन भी भूख हड़ताल जारी रहने से अभ्यर्थियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इस बीच अभ्यर्थियों ने लखनऊ पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर न्याय दिलाने की अपील की है।

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे आशुतोष वर्मा और तूफान सिंह ने भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह से ओबीसी, दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित वर्ग के अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग की। उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण से जुड़ी कथित गड़बड़ियों के कारण योग्य अभ्यर्थियों को अब तक नियुक्ति नहीं मिल सकी है।

अभ्यर्थियों ने मांग की है कि दीपावली से पहले नियुक्ति प्रक्रिया का पूरा शेड्यूल जारी किया जाए, ताकि लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिल सके और वे अपने परिवार के साथ त्योहार मना सकें।

भूख हड़ताल कर रहे दो अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ी

धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने बताया कि आंदोलन में शामिल अभ्यर्थियों की नवरात्र, दशहरा और करवा चौथ जैसे त्योहार धरनास्थल पर ही बीत गए। अब उनकी इच्छा है कि दीपावली से पहले सरकार कोई ठोस निर्णय ले, जिससे उन्हें आंदोलन खत्म कर घर लौटने का मौका मिल सके।

इधर, पांच दिनों से भूख हड़ताल कर रहे चित्रकूट के दीपक पटेल और बरेली के नसीम फरीदी की तबीयत बिगड़ गई। हालत खराब होने के बाद गुरुवार से दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दीपावली से पहले नियुक्ति कार्यक्रम जारी करने की मांग

अभ्यर्थियों का कहना है कि वे लंबे समय से नियुक्ति की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने सरकार से दीपावली से पहले नियुक्ति प्रक्रिया का कार्यक्रम घोषित करने और आंदोलन का सम्मानजनक तरीके से समापन कराने की अपील की है।

धरने में रंजना जायसवाल, गायत्री जायसवाल, सुमन यादव, रिशिता पाल, रंजना चौरसिया, नेहा यादव, मनीष पटवा, अरविंद कुमार, उत्कर्ष सिंह, ललित जायसवाल, संजीव वर्मा और घनश्याम यादव समेत बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular