रिपोर्ट – अमित कुमार
फर्रुखाबाद ।कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में खाटू श्याम की शोभायात्रा देखने गई 8 वर्षीय बच्ची अचानक लापता हो गई।

शोभायात्रा समाप्त होने के बाद बच्ची घर नहीं पहुंची, जिसके बाद परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने थाने में बच्ची की गुमशुदगी दर्ज कराई।
पुलिस ने बच्ची की तलाश शुरू करते हुए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में बच्ची एक युवक के साथ जाती हुई दिखाई दी, जिसके आधार पर पुलिस ने युवक की पहचान कर उसे हिरासत में लिया।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक और सीओ कायमगंज पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने तलाश के दौरान एक निर्माणाधीन मकान के पास से बच्ची को बरामद कर लिया।
बताया जा रहा है कि बच्ची मानसिक रूप से दिव्यांग है। बच्ची के साथ किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए पुलिस ने उसे मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल लोहिया भेजा है। पुलिस हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है। मामला कोतवाली कायमगंज क्षेत्र का है।
