उत्तर प्रदेश में इन दिनों महाकुंभ को लेकर सियासत गरमाई हुई है. समाजवादी पार्टी लगातार महाकुंभ को लेकर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साध रही है और कुंभ की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठा रही है. इन तमाम हमलों पर गोरखपुर से भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा सांसद रवि किशन का बयान सामने आया है. उन्होंने विपक्ष के हमलों का जवाब देते हुए कहा कि सपा अब घबरा गई है. आने वाले समय में यूपी विधानसभा चुनाव हार ने वाली है.
बीजेपी सांसद रवि किशन ने महाकुंभ को लेकर लगातार समाजवादी पार्टी की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर कहा कि महाकुंभ में सनातनी लोग डुबकी लगा रहे हैं. अब सनातनी लोग जाग गए हैं इसलिए समाजवादी पार्टी के नेता घबरा गए हैं. अभी अवधेश प्रसाद के बेटे मिल्कीपुर में हारे हैं इसलिए सपा के नेता घबरा गए हैं. सपा 2027 में भी नहीं जीत पाएगी.
उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के बाद विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में सपा को बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा है. पहले नौ सीटों पर हुए उपचुनाव में सपा को सिर्फ दो सीटों पर जीत मिली थी और अब मिल्कीपुर में भी बीजेपी के हाथों सपा को बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा है. हालांकि सपा लगातार इस मुद्दे को लेकर सरकार पर हमलवार है, सपा ने सत्ता पक्ष के इशारों पर चुनाव में गड़बड़ी करने का आरोप लगा.
