Homeउत्तर प्रदेशगणतंत्र दिवस पर सियासत से दूरी, केशव मौर्य बोले-आज नहीं करूंगा हमला,...

गणतंत्र दिवस पर सियासत से दूरी, केशव मौर्य बोले-आज नहीं करूंगा हमला, अखिलेश को दी बधाई

प्रयागराज: गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रयागराज में चल रही सियासी बयानबाजी के बीच उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने राजनीतिक टिप्पणियों से खुद को फिलहाल अलग रखा। शिक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच चल रही जुबानी जंग पर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने साफ कहा कि आज राष्ट्रीय पर्व है, इसलिए राजनीति पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।

हालांकि, उन्होंने हल्के अंदाज़ में अखिलेश यादव को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा—“आज छोड़ दे रहा हूं, हमला करना होगा तो कल करूंगा।” उनके इस बयान को सियासी संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

शंकराचार्य को लेकर डिप्टी सीएम की अपील

इस दौरान केशव मौर्य ने ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वे शंकराचार्य के चरणों में नमन करते हैं और उनसे विनम्र आग्रह करते हैं कि वे त्रिवेणी संगम में स्नान करें। डिप्टी सीएम के अनुसार, भारतीय संस्कृति में आस्था रखने वाले लाखों श्रद्धालु शंकराचार्य के संगम स्नान की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी अपील सिर्फ प्रार्थना है और इसे स्वीकार करना या न करना पूरी तरह शंकराचार्य का व्यक्तिगत निर्णय है।

अनशन स्थल पर जाने से किया इनकार

माघ मेले में अनशन पर बैठे शंकराचार्य से मिलने जाने के सवाल पर डिप्टी सीएम ने साफ शब्दों में कहा कि फिलहाल उनका ऐसा कोई कार्यक्रम नहीं है। साथ ही, उन्होंने विपक्षी नेताओं की सक्रियता पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग सिर्फ दिखावटी संवेदना और घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं।

विपक्ष पर साधा निशाना

केशव मौर्य ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल धार्मिक और भावनात्मक मुद्दों का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग न तो संतों के हितैषी हैं और न ही भारतीय संस्कृति के। डिप्टी सीएम के मुताबिक, विपक्ष अगर यह सोच रहा है कि इन मुद्दों से उसे कोई राजनीतिक फायदा मिलेगा, तो यह उसकी गलतफहमी है।उन्होंने तंज भरे लहजे में कहा कि विपक्षी नेता इंतजार करते रह जाएंगे, लेकिन उन्हें इससे कोई लाभ नहीं मिलने वाला।

RELATED ARTICLES

Most Popular