Homeमनोरंजननहीं रहे ‘वेलकम’ फेम मुश्ताक खान, 56 साल की उम्र में निधन

नहीं रहे ‘वेलकम’ फेम मुश्ताक खान, 56 साल की उम्र में निधन

रिपोर्ट – प्रिया बाजपेई शुक्ला

मुंबई। ‘वेलकम’, ‘आशिकी’, ‘गदर: एक प्रेम कथा’ और ‘मुझसे शादी करोगी’ जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से पहचान बनाने वाले चरित्र अभिनेता मुश्ताक खान का 56 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने गुरुवार, 24 सितंबर को मुंबई के नानावटी अस्पताल में आखिरी सांस ली। वे पिछले करीब 15 दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। उनके बिजनेस पार्टनर शिवम ने निधन की पुष्टि की है।

मुश्ताक खान लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक करीब पांच साल पहले उन्हें इस बीमारी का पता चला था और इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ था। हाल ही में बीमारी दोबारा सामने आने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें इलाज के लिए नानावटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

वेलकम’ के बल्लू के किरदार से मिली खास पहचान

मुश्ताक खान ने 2007 में रिलीज हुई फिल्म ‘वेलकम’ में बल्लू का किरदार निभाया था। इस भूमिका ने उन्हें दर्शकों के बीच खास पहचान दिलाई। इसके अलावा ‘आशिकी’ में रफू मास्टर, ‘हम हैं राही प्यार के’ में भगवती प्रसाद मिश्रा और ‘मुझसे शादी करोगी’ में चुटकी बाबा जैसे उनके किरदार भी याद किए जाते हैं

उन्होंने ‘गदर: एक प्रेम कथा’, ‘हेरा फेरी’, ‘जोड़ी नंबर 1’, ‘एक और एक ग्यारह’, ‘गदर 2’ और ‘स्त्री 2’ समेत कई फिल्मों में काम किया। हाल के वर्षों में भी वह फिल्मों में सक्रिय रहे।

थिएटर से शुरू हुआ था अभिनय का सफर

मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के बैहर कस्बे में जन्मे मुश्ताक खान ने अभिनय की शुरुआत थिएटर से की थी। इसके बाद उन्होंने हिंदी फिल्मों और टेलीविजन में अपनी पहचान बनाई। चार दशक से अधिक लंबे करियर में उन्होंने कई फिल्मों और टीवी धारावाहिकों में काम किया।

टीवी पर भी उन्होंने ‘अदालत’, ‘चाचा चौधरी’, ‘टेढ़े-मेढ़े सपने’ और ‘कुछ रंग प्यार के ऐसे भी’ जैसे धारावाहिकों में अभिनय किया।

मुश्ताक खान के निधन की खबर से फिल्म जगत में शोक की लहर है। उनके परिवार, दोस्तों और साथी कलाकारों ने उनके निधन पर दुख जताया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular