सीतापुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सनातन धर्म को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर सनातन धर्म कमजोर हुआ तो देश भी कमजोर होगा और देश कमजोर हुआ तो सनातन के सामने अस्तित्व का संकट खड़ा हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने लोगों को समाज को बांटने वालों से सतर्क रहने की अपील की।
सीतापुर में कार्यक्रम के दौरान दिया बयान
सीएम योगी यह बातें सीतापुर में तपोधाम सतगुरु गिरधारी नाथ जी महाराज तपोधाम आश्रम में आयोजित मूर्ति स्थापना दिवस एवं भंडारा कार्यक्रम के दौरान कही। इस अवसर पर उन्होंने बिना किसी का नाम लिए समाज को चेतावनी दी।
‘बांटने वाली ताकतों से रहें सावधान’
राज्य सरकार द्वारा जारी बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन कमजोर होगा तो देश कमजोर होगा और देश कमजोर हुआ तो सनातन के अस्तित्व पर संकट खड़ा हो जाएगा। इसलिए समाज को बांटने वाली ताकतों से सावधान रहने की जरूरत है।
बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार का जिक्र
सीएम योगी ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या और उन्हें जलाए जाने की घटनाओं पर दुनिया मौन है। उन्होंने कहा कि मरने वाले दलित हिंदू हैं, लेकिन धर्माचार्यों और कुछ हिंदू संगठनों को छोड़कर कोई मानवाधिकार संगठन उनकी आवाज नहीं उठा रहा।
सनातन संस्कृति की मजबूती पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया की कई सभ्यताएं और संस्कृतियां समय के साथ समाप्त हो गईं, लेकिन सनातन संस्कृति आज भी तमाम संकटों के बावजूद गरिमा और गौरव के साथ खड़ी है। यह संस्कृति दुनिया को वसुधैव कुटुंबकम, करुणा और मैत्री का संदेश देती है।
‘सनातन को तोड़ने के कई प्रयास हुए’
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सनातन धर्म को तोड़ने के लिए अनेक प्रयास किए गए। सनातन धर्मावलंबियों ने हमेशा विपत्ति में शरण दी, लेकिन कुछ लोगों ने शरणार्थी धर्म का पालन नहीं किया और देश को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया।
भारत बनेगा विश्व की बड़ी ताकत
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक लंबी और मजबूत यात्रा के लिए तैयार है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत दुनिया की बड़ी ताकत बनेगा और इसे कोई रोक नहीं सकता। उन्होंने नागरिकों से इस यात्रा में सहभागी बनने की अपील की।
