Homeदेश विदेशEpstein Files: 2015 की डिनर पार्टी फिर चर्चा में, मस्क-जुकरबर्ग की मौजूदगी...

Epstein Files: 2015 की डिनर पार्टी फिर चर्चा में, मस्क-जुकरबर्ग की मौजूदगी वाली फोटो ने बढ़ाया विवाद

नई दिल्ली: कुख्यात यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से जुड़ी फाइलों के नए खुलासों ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बवाल खड़ा कर दिया है। एपस्टीन फाइल्स में सामने आ रही जानकारियों के बीच एक पुरानी तस्वीर चर्चा का केंद्र बन गई है, जिसमें टेस्ला के सीईओ एलन मस्क और मेटा प्रमुख मार्क जुकरबर्ग कैलिफोर्निया में आयोजित एक डिनर पार्टी में नजर आ रहे हैं।

एपस्टीन ने खुद भेजी थी फोटो

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह तस्वीर 2015 की है, जिसे एपस्टीन ने ईमेल के जरिए साझा किया था। तस्वीर में एक डाइनिंग टेबल पर मस्क और जुकरबर्ग आमने-सामने बैठे दिखाई दे रहे हैं। एपस्टीन ने इस पार्टी को अपने ईमेल में “बेहद शानदार” बताया था।

कई दिग्गजों के शामिल होने का दावा

ईमेल में दावा किया गया कि इस डिनर में लिंक्डइन के सह-संस्थापक रीड हॉफमैन और पेपैल के को-फाउंडर पीटर थिएल भी शामिल थे। यह जानकारी सामने आने के बाद टेक और पॉलिटिकल जगत में हलचल तेज हो गई है।

मस्क का पुराना बयान फिर चर्चा में

इन खुलासों के बीच एलन मस्क का हालिया बयान भी चर्चा में है, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह कभी एपस्टीन की पार्टी का हिस्सा नहीं बने। मस्क ने यह भी दोहराया था कि एपस्टीन से जुड़े जघन्य अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

31 जनवरी को एक्स पर मस्क ने लिखा था,“न्याय तभी होगा जब दोषियों पर मुकदमा चले, सिर्फ फाइलें जारी करना काफी नहीं है।”

दोषसिद्धि के बाद भी जारी रहे संपर्क

एपस्टीन फाइल्स से यह भी संकेत मिलता है कि 2008 में दोषी ठहराए जाने के बावजूद एपस्टीन के कई प्रभावशाली लोगों से संबंध बने रहे। हालांकि, अब तक सामने आए दस्तावेजों में इस बात का कोई ठोस प्रमाण नहीं है कि इन हस्तियों ने उसके यौन अपराधों में कोई भूमिका निभाई हो।गौरतलब है कि एपस्टीन को 2008 में नाबालिगों की यौन तस्करी के आरोप में दोषी ठहराया गया था।

ईमेल से सामने आया डिनर का जिक्र

कैलिफोर्निया डिनर पार्टी का जिक्र एपस्टीन और सीबीएस न्यूज के कर्मचारी पीटर एटिया के बीच 2 अगस्त को हुए ईमेल में भी मिलता है। एपस्टीन ने इसमें लिखा था कि वह लॉस एंजिल्स में मस्क, थील और जुकरबर्ग के साथ डिनर पर है।

पीटर एटिया का नाम भी हाल ही में अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जारी दस्तावेजों में सामने आया है।

टॉम प्रिट्ज़कर को भेजे मेल में किया उल्लेख

20 अगस्त 2015 को एपस्टीन ने इलिनोइस के गवर्नर जेबी प्रिट्ज़कर के चचेरे भाई टॉम प्रिट्ज़कर को भेजे ईमेल में भी इस डिनर का जिक्र किया था। उसने इसे “बेहद रोमांचक” अनुभव बताया था।

रीड हॉफमैन ने जताया अफसोस

रीड हॉफमैन ने एपस्टीन से किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल होने से साफ इनकार किया है। उन्होंने स्वीकार किया कि एपस्टीन से उनकी मुलाकातें केवल एमआईटी के लिए फंड जुटाने तक सीमित थीं और इस संबंध पर उन्होंने सार्वजनिक रूप से खेद भी जताया।

RELATED ARTICLES

Most Popular